सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले के कठेला समय माता थाना क्षेत्र के ग्राम सोनबरसा में जंगली सूअर (Wild Boar) का आतंक देखने को मिला। ग्राम सोनबरसा में रविवार सुबह एक जंगली सूअर अचानक घर में घुस आया और सास-बहू पर हमला कर दिया। हमले में दोनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें इलाज के लिए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में हुई अजीबोगरीब घटना, धरती से ज्वाला की तरह फूटी मिट्टी
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 5 बजे सावित्री देवी ने गांव के बाहर बने अपने मकान का दरवाजा खोला। तभी एक जंगली सूअर तेजी से घर के अंदर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। सास को बचाने के लिए बहू इंद्रावती देवी आगे बढ़ीं, लेकिन सूअर ने उन्हें भी निशाना बना लिया। हमले में दोनों महिलाएं बुरी तरह घायल हो गईं और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घायल महिलाओं की पहचान इंद्रावती देवी (30 वर्ष), पत्नी राजेंद्र गुप्ता एवं सावित्री देवी (55 वर्ष), पत्नी अमेरिका गुप्ता, निवासी ग्राम सोनबरसा, थाना कठेला समय माता, जनपद सिद्धार्थनगर के रूप में हुई है। परिजनों और ग्रामीणों ने तत्काल दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने जंगली सूअर को घेर लिया और मार डालने की बात सामने आ रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। स्थानीय पुलिस के मुताबिक शुरुआत में घटना की सूचना नहीं मिली थी, लेकिन बाद में ग्रामीणों की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #WildBoar #Siddharthnagar




