सिद्धार्थनगर। जिले के नगर पंचायत उसका बाजार क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। उसका बाजार के सोहास मोड़ स्थित यूनियन बैंक के बगल में जमीन से ज्वाला की तरह मिट्टी (Soil) निकलती दिखाई दी। इस अजीबोगरीब घटना को देखने के लिए मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में हेलीकॉप्टर से दुल्हन की विदाई, अनोखी शादी देखने उमड़ा जनसैलाब
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जमीन के भीतर से तेज दबाव के साथ मिट्टी बाहर निकल रही थी, जिसे देखकर लोग दंग रह गए। घटना की सूचना फैलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि अभी तक इस घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। न ही किसी वैज्ञानिक या प्रशासनिक स्तर पर इसकी आधिकारिक पुष्टि की गई है।

दूर से देखने पर ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो धरती के अंदर कोई विस्फोट या ज्वालामुखी जैसी गतिविधि हो रही हो। घटना को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए, जबकि कई लोग इसे मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। फिलहाल लोग इसे प्राकृतिक हलचल मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे रहस्यमयी घटना के रूप में देख रहे हैं।
जानकारों का मानना है कि यह घटना जमीन के अंदर गैस प्रेशर, भूगर्भीय हलचल या पानी के दबाव के कारण हो सकती है। वहीं प्रशासन को मामले की सूचना दे दी गई है और जांच कराए जाने की बात कही जा रही है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Soil




