सिद्धार्थनगर। यूपी में एक तरफ योगी सरकार ‘मिशन शक्ति’ के जरिए बेटियों की सुरक्षा और सम्मान का दम भरती है, तो दूसरी तरफ सिद्धार्थनगर जिले के पुलिस प्रशासन का एक ऐसा चेहरा सामने आया है जो सरकार के इन दावों को ठेंगा दिखा रहा है। गोल्हौरा थाना क्षेत्र के एक पीड़ित पिता को न्याय मिलना तो दूर, खुद थानाध्यक्ष ही अब उन्हें अपराधी बनाने पर तुले हैं।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में रील के चक्कर में पानी की टंकी में फंसे बच्चे, हेलीकॉप्टर से हुआ रेस्क्यू
मामला गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बरदही गांव का है। यहाँ का एक परिवार जो रोजी-रोटी के लिए मुंबई में रहता है, पिछले काफी समय से एक मनचले की हरकतों से लहूलुहान है। गांव का ही एक युवक, जो राजस्थान के कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा है, इस परिवार की बेटी को फोन पर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। एकतरफा प्यार का जुनून इस कदर है कि आरोपी युवक तकनीकी का गलत इस्तेमाल कर लड़की की एडिटेड और अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालने की धमकी देता है। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने कुछ रिश्तेदारों को ऐसी फोटो भेजकर परिवार को बदनाम करने की कोशिश भी की।

पीड़ित परिवार ने मुंबई से लेकर मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और स्थानीय Police तक गुहार लगाई। पहले भी सुलह-समझौते की कोशिश हुई, लेकिन आरोपी युवक की हिम्मत कम नहीं हुई। अब जब पीड़ित पिता गांव आए, तो आरोपी ने घर आकर दबंगई दिखाई और फिर से बदनाम करने की खुली धमकी दी। जब पीड़ित पिता न्याय की उम्मीद में गोल्हौरा थाने पहुँचे, तो उन्हें न्याय के बदले साजिश मिली। आरोप है कि थानाध्यक्ष ने पूरे मामले को मोड़ते हुए पीड़ित पिता को ही आरोपी के साथ मारपीट के मामले में फंसाने की तैयारी कर ली है।
इससे पहले भी यह आरोपी युवक पीड़ित की भांजी की शादी तुड़वाने की कोशिश कर चुका है। बार-बार अपराध करने के बावजूद पुलिस की यह ‘मेहरबानी’ कहीं न कहीं प्रशासन की मंशा पर बड़े सवाल खड़े करती है। देखना यह होगा कि क्या जिले के उच्च अधिकारी इस मामले में हस्तक्षेप कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाएंगे या फिर ‘खाकी’ इसी तरह दागदार होती रहेगी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Police #Siddharthnagar




