लखनऊ। सरोजनीनगर द्वितीय वार्ड के आजाद नगर स्थित बंधुआ तालाब और छठ पूजा स्थल को शनिवार को अवैध कब्जे से मुक्त करा लिया गया। नगर निगम लखनऊ (Lucknow) और तहसील सरोजनीनगर की संयुक्त टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में अभियान चलाकर तालाब की भूमि पर किए गए कब्जे को हटाया। कार्रवाई के दौरान छठ पूजा स्थल पर खड़े ट्रैक्टरों को भी हटवाया गया और भूमि को पूरी तरह खाली कराया गया।
यह भी पढ़ें-‘हां, मुझे सब पता था!…’, बहन दिव्या की हत्या पर प्रज्ञा मिश्रा ने किए ऐसे खुलासे
बंधुआ तालाब की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुरेंद्र रावत ने छठ पूजा स्थल की जमीन पर कब्जा कर वहां ट्रैक्टर और अन्य सामान खड़ा कर रखा था। प्रशासन की टीम जब मौके पर पहुंची तो कब्जा हटाने के दौरान काफी मशक्कत करनी पड़ी। टीम ने पहले ट्रैक्टरों को वहां से हटवाया, इसके बाद कब्जे वाले हिस्से को खाली कराकर तालाब की भूमि को प्रशासन के कब्जे में लिया।
उपजिलाधिकारी सरोजनीनगर अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि कब्जे के संबंध में प्रस्तुत की गई रजिस्ट्री की जांच कराई गई थी। जांच में पाया गया कि जिस व्यक्ति द्वारा भूमि की रजिस्ट्री की गई थी, उसका संबंधित जमीन पर कोई वैध आधिपत्य नहीं था। जांच के आधार पर भूमि पर किया गया कब्जा अवैध पाया गया। तहसील स्तर पर संबंधित रजिस्ट्री को पहले ही निरस्त किया जा चुका है।
छठ पूजा स्थल पर कब्जे की शिकायत पहले भी प्रशासन तक पहुंची थी। वेदी को मिट्टी डालकर पाटे जाने की सूचना पर तत्कालीन एसडीएम सरोजनीनगर अंकित शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया था। स्थानीय पार्षद रामनरेश रावत, स्थानीय निवासी औरंगजेब समेत अन्य बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने छठ घाट को कब्जामुक्त कराने की मांग की थी। उस समय प्रशासन ने दोबारा कब्जे की कोशिश होने पर मुकदमा दर्ज कराने की चेतावनी दी थी।
शनिवार को संयुक्त टीम की कार्रवाई के दौरान मौके पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा। टीम ने कब्जे वाले हिस्से से सामान हटवाने के साथ भूमि को खाली कराया। कार्रवाई के बाद छठ पूजा स्थल का रास्ता और वेदी का हिस्सा भी स्पष्ट हो गया। बंधुआ तालाब का छठ घाट क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रमुख स्थल है। लंबे समय से चले आ रहे विवाद के बाद कब्जा हटने पर स्थानीय लोगों ने राहत जताई। लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए तालाब और छठ पूजा स्थल की भूमि पर भविष्य में दोबारा कब्जा न होने देने की मांग की।
(रिपोर्ट-राजेश कुमार, लखनऊ)
Tag: #nextindiatimes #Lucknow #encroachment




