नई दिल्ली। नई दिल्ली में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम्’ (Vande Mataram) के सभी छह छंदों के पूर्ण गायन के साथ हुई। बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में पार्टी की आगामी रणनीतियों को लेकर चर्चा हुई। वहीं पहली बैठक में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के अपमान पर कांग्रेस को घेरने की तैयारी भी की गई।
यह भी पढ़ें-कुलदीप सिंह सेंगर के पास है कितनी संपत्ति, BJP ही नहीं सपा-बसपा में भी था जलवा
बैठक में बीजेपी ने कांग्रेस कार्यसमिति के वंदे मातरम् के फैसले के खिलाफ 10 बिंदुओं का कड़ा निंदा प्रस्ताव पारित किया। बीजेपी ने इस मुद्दे पर आक्रामक रुख अपनाते हुए पूरे देश में राजनीतिक प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान चलाने का एलान किया है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सहित शीर्ष नेतृत्व ने कांग्रेस के वंदे मातरम् को लेकर पार्टी के रुख की तीखी आलोचना की है।

बीजेपी ने कांग्रेस के कदम को राष्ट्रगीत, राष्ट्रीय स्वाभिमान और देश के स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान का सीधा अपमान करार दिया। बैठक में बीजेपी द्वारा पारित प्रस्ताव में स्पष्ट कहा गया है कि राजनीतिक फायदे या वोट बैंक के तुष्टीकरण के लिए वंदे मातरम् के सम्मान और उसकी ऐतिहासिक विरासत से कोई समझौता मंजूर नहीं किया जाएगा।
पार्टी ने महात्मा गांधी के उस ऐतिहासिक कथन को भी देश भर में प्रचारित करने का संकल्प लिया है, जिसमें उन्होंने वंदे मातरम् को साम्राज्यवाद-विरोधी नारा और शुद्धतम राष्ट्रीय भावना से ओत-प्रोत उद्घोष बताया था। बीजेपी का लक्ष्य इस देशव्यापी अभियान के जरिए राष्ट्रगीत के पूरे स्वरूप के इतिहास, महत्व और गौरवशाली विरासत को भारत के हर कोने तक पहुंचाना है।
Tag: #nextindiatimes #VandeMataram #




