स्पोर्ट्स डेस्क। मैके में ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दूसरे टेस्ट के पहले दिन मिचेल स्टार्क और शोरिफुल इस्लाम ने शानदार गेंदबाजी की। दोनों बाएं हाथ के तेज गेंदबाजों ने एक ही टेस्ट में छह-छह विकेट लिए। ऐसे में टेस्ट क्रिकेट (Test cricket) के इतिहास में एक दुर्लभ रिकॉर्ड बना। टेस्ट क्रिकेट के 149 साल के इतिहास में ऐसा सिर्फ दो बार हुआ है।
यह भी पढ़ें-कभी लगा था रेप का आरोप, आज वही क्रिकेटर बना अपने देश का कप्तान
इससे पहले ऐसा 1958-59 के न्यू ईयर एशेज टेस्ट के दौरान हुआ था। ऑस्ट्रेलिया के एलन डेविडसन ने पहली पारी में 64 रन देकर 6 विकेट लिए थे, जबकि उनके साथी खिलाड़ी इयान मेकिफ ने आखिरी पारी में 38 रन देकर 6 विकेट लिए थे। ऑस्ट्रेलिया ने वह मैच आठ विकेट से जीता था। सुबह के सेशन में स्टार्क का सामना करना लगभग नामुमकिन लग रहा था। ऑस्ट्रेलिया के इस तेज गेंदबाज ने 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट चटकाए। ऐसे में बांग्लादेश की टीम पहली पारी में 64 रन पर ऑलआउट हो गई।
स्टार्क ने पारी की पहली ही गेंद पर शादमान इस्लाम को आउट कर दिया। इसके बाद स्टार्क ने अपने अगले ओवर में फिर से विकेट लिए और तंजीद हसन और बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को आउट किया। उन्होंने 22 गेंदों में अपने पांच विकेट पूरे किए और टेस्ट क्रिकेट में 19वीं बार पांच विकेट लेने का कारनामा किया।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में शोरिफुल ने शानदार गेंदबाजी करके बांग्लादेश को खुश होने का मौका दिया। ऑस्ट्रेलिया ने सधी हुई शुरुआत की और 40/1 का स्कोर बना लिया था। इसके बाद शोरिफुल ने दो विकेट झटके। उन्होंने ट्रेविस हेड और मार्नस लैबुशेन को आउट करके मेजबान टीम पर दबाव बना दिया।
बांग्लादेश के इस तेज गेंदबाज ने अपनी शानदार गेंदबाजी जारी रखी। उन्होंने 11 ओवर में 35 रन देकर 6 विकेट चटकाए। पहले दिन स्टंप तक ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 8 विकेट खोकर 165 रन बना लिए हैं। कंगारू टीम के पास 101 रन की बढ़त है।
Tag: #nextindiatimes #Cricket #Testcricket




