43.3 C
Lucknow
सोमवार, जून 22, 2026

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में महायुति की बंपर जीत, नासिक में बिगड़ा खेल

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र विधान परिषद (MLC) चुनाव के नतीजों में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया है। 17 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा, शिवसेना और एनसीपी (अजित पवार गुट) ने 16 सीटों पर जीत दर्ज कर विपक्ष को बड़ा झटका दिया है। हालांकि नासिक सीट पर महायुति को बड़ा झटका लगा, जहां भाजपा के बागी नेता ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़कर शिवसेना के उम्मीदवार को हरा दिया।

यह भी पढ़ें-‘यह मुंबई हमारी है!’ शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस पर उद्धव ठाकरे ने विरोधियों को दिया संदेश

इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 11, शिवसेना (शिंदे गुट) ने 4 और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 2 सीटों पर भाग्य आजमाया था। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को इस पूरे चुनाव में एकमात्र करारा झटका नासिक सीट पर लगा है। यहां बीजेपी के बागी और निर्दलीय उम्मीदवार गोकुल गीते ने शानदार जीत दर्ज की है। नासिक में कुल 618 मत डाले गए थे, जिनमें से 13 मत अवैध घोषित होने के बाद जीत के लिए 303 मतों का कोटा तय किया गया था।

गोकुल गीते ने पहले ही दौर की मतगणना में 357 मत हासिल कर जरूरी कोटा पार कर लिया, जबकि महायुति समर्थित शिवसेना के आधिकारिक उम्मीदवार नरेंद्र दराडे को महज 248 वोट मिले। गीते की इस जीत को राज्य की राजनीति में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सांगली-सातारा सीट पर महायुति समर्थित भाजपा उम्मीदवार धैर्यशील कदम ने एकतरफा जीत हासिल की है। उन्हें कुल 885 मतों में से 593 प्रथम वरीयता मत मिले, जबकि महाविकास आघाड़ी समर्थित राकांपा (शरद पवार गुट) के उम्मीदवार अभयसिंह जगताप को 292 मतों से संतोष करना पड़ा। उधर, अमरावती सीट पर भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला जहां भाजपा के प्रवीण पोटे को 390 मत मिले, जबकि वंचित बहुजन आघाड़ी के निलेश विश्वकर्मा को 31 वोट प्राप्त हुए। इस सीट पर सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कांग्रेस के उम्मीदवार हर्षजित देशमुख का खाता तक नहीं खुल सका और उन्हें शून्य मत मिले।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि एमएलसी चुनाव के नतीजों ने महायुति सरकार की संगठनात्मक ताकत को एक बार फिर साबित कर दिया है। हालांकि नासिक सीट पर मिली हार ने यह भी दिखाया है कि बागी नेता भविष्य में गठबंधन के लिए चुनौती बन सकते हैं। विधानसभा और स्थानीय निकाय चुनावों से पहले ये नतीजे महायुति के लिए उत्साह बढ़ाने वाले माने जा रहे हैं, जबकि विपक्ष के सामने अपनी रणनीति पर पुनर्विचार की चुनौती खड़ी हो गई है।

Tag: #nextindiatimes #MLC #MaharashtraLegislativeCouncil

RELATED ARTICLE