स्पोर्ट्स डेस्क। ICC ने हाल ही में सालाना टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग जारी की है। टीम इंडिया 275 अंकों के साथ टॉप पर काबिज है। हालांकि इंग्लैंड 262 अंकों के साथ दूसरे नंबर पर है लेकिन भारत और इंग्लैंड के बीच अंकों का अंतर अब कम हो गया है। वहीं ऑस्ट्रेलिया की टीम 258 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गई है।
यह भी पढ़ें-जानें कितनी है विराट कोहली की प्रॉपर्टी? विदेश में भी है आलीशान घर
रैंकिंग के टॉप 7 स्थानों में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ है। न्यूजीलैंड 247 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है। दक्षिण अफ्रीका 244 अंकों के साथ पांचवें और पाकिस्तान 240 अंकों के साथ छठे नंबर पर बना हुआ है।वेस्टइंडीज की टीम 233 अंकों के साथ सातवें पायदान पर है। बांग्लादेश की टीम को एक स्थान का फायदा हुआ है और वह अब आठवें नंबर पर आ गई है। श्रीलंका को छह रेटिंग अंकों का घाटा हुआ है जिससे वह नौवें स्थान पर खिसक गई है।

अफगानिस्तान 220 अंकों के साथ 10वें स्थान पर मजबूती से टिका है। जिम्बाब्वे और आयरलैंड 11वें और 12वें पायदान पर हैं। इस बार की रैंकिंग में अमेरिका ने छह रेटिंग अंक हासिल कर दो स्थानों की छलांग लगाई है। अब वह 13वें स्थान पर पहुंच गया है। अमेरिका ने नीदरलैंड और स्कॉटलैंड जैसी टीमों को पीछे छोड़ दिया है।
नेपाल और ओमान के लिए भी यह रैंकिंग अच्छी खबर लेकर आई है। इन दोनों देशों को एक-एक स्थान का फायदा हुआ है। नेपाल अब 17वें और ओमान 19वें स्थान पर है। आईसीसी ने बताया कि पिछले तीन सालों में पर्याप्त मैच न खेल पाने के कारण टीमों की कुल संख्या 102 से घटकर 98 हो गई है। फिजी, गांबिया, यूनान और इजराइल जैसी टीमें इस बार लिस्ट से बाहर हो गई हैं।
Tag: #nextindiatimes #ICC #cricket




