स्पोर्ट्स डेस्क। जिम्बाब्वे दौरे (Zim vs Ban) के बीच बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ा झटका लगा है। टीम के अनुभवी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान चोटिल होने के कारण पूरे दौरे से बाहर हो गए हैं। उनकी गैर मौजूदगी बांग्लादेश के लिए बड़ा नुकसान मानी जा रही है, क्योंकि वह टीम के गेंदबाजी आक्रमण की सबसे अहम कड़ी हैं।
यह भी पढ़ें-वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को टेस्ट सीरीज में चटाई धूल, 23 साल का सूखा खत्म
मुस्तफिजुर को दाहिने हैमस्ट्रिंग में ग्रेड-1 मसल टियर और दाहिने घुटने में मेनिस्कल डिजनरेशन की समस्या हुई है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उन्हें पूरी तरह फिट होने में कम से कम चार सप्ताह का समय लगेगा। उनकी जगह बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद को टीम में शामिल करने का फैसला किया है।
जिम्बाब्वे के खिलाफ पहले वनडे (BAN vs ZIM) में मुस्तफिजुर रहमान ने छह ओवर में सिर्फ 19 रन खर्च किए थे, लेकिन मैच के दौरान उन्हें चोट लग गई। इस मुकाबले में बांग्लादेश को 25 रन से हार का सामना करना पड़ा था। चोट के कारण वह दूसरे वनडे में भी नहीं खेल सके, जहां उनकी जगह बाएं हाथ के तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम को मौका दिया गया। अब वह तीसरे और अंतिम वनडे के अलावा तीन मैचों की टी20 सीरीज से भी बाहर हो गए हैं।

मुस्तफिजुर के लिए यह साल चोटों से जूझने वाला रहा है। पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) से लौटने के बाद अप्रैल में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज (BAN vs ZIM) से पहले भी उनके घुटने में चोट लगी थी। उस समय वह शुरुआती दो वनडे मुकाबलों में नहीं खेल पाए थे। हालांकि तीसरे वनडे में वापसी करते हुए उन्होंने शानदार गेंदबाजी की थी और पांच विकेट अपने नाम किए थे। लेकिन अब एक बार फिर चोट ने उनकी लय और बांग्लादेश की योजनाओं पर पानी फेर दिया है।
Tag: #nextindiatimes #ZimvsBan #MustafizurRahman




