सिद्धार्थनगर। जिले के उसका बाजार कस्बे में शुक्रवार को चोरी की कोशिश करने पहुंचीं तीन महिलाओं में से एक को व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। जबकि उसकी दो साथी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गईं। पकड़ी गई महिला को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
व्यापारियों के मुताबिक यही महिला गिरोह 8 मई को रेहरा बाजार स्थित अर्जुन शाहू की बर्तन दुकान में चोरी कर चुका था। उस घटना का CCTV फुटेज बाजार के व्यापारियों के बीच पहले से वायरल था। फुटेज में तीन महिलाएं ग्राहक बनकर दुकान में दाखिल हुई थीं। इसी दौरान एक महिला ने मौका देखकर बर्तन अपनी साड़ी में छिपा लिया था और बाद में तीनों वहां से निकल गई थीं।

शुक्रवार को यही महिलाएं अर्जुन शाहू की दुकान के पास स्थित एक ज्वेलरी दुकान के आसपास संदिग्ध हालत में घूमती दिखीं। सीसीटीवी फुटेज देखने के कारण दुकानदारों ने उन्हें तुरंत पहचान लिया। व्यापारियों ने शोर मचाया तो बाजार में अफरा-तफरी फैल गई। महिलाएं भागने लगीं, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पीछा शुरू कर दिया। भागदौड़ के बीच एक महिला को पकड़ लिया गया, जबकि दो अन्य फरार हो गईं।
पुलिस हिरासत में पकड़ी गई महिला ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन की सिम निकालकर तोड़ने और शौचालय में फेंकने की कोशिश की। इसके बाद लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई कि महिलाओं का संबंध किसी संगठित चोरी गिरोह से हो सकता है, जो अलग-अलग बाजारों को निशाना बनाता है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #CCTV #Crime




