एंटरटेनमेंट डेस्क। दूरदर्शन (Doordarshan) ने दर्शकों को कई ऐसे बेहतरीन टीवी शो दिए हैं, जो आज भी लोगों के जेहन में तरोताजा हैं। खासतौर पर 80 और 90 के दशक में पैदा हुए बच्चों के लिए दूरदर्शन का वह दौर बेहद खास और यादगार रहा है। आज भी उस दौर के शोज की यादें लोगों के दिलों में जिंदा हैं।
यह भी पढ़ें-इस भोजपुरी फिल्म में काम कर चुके हैं अमिताभ-हेमा, की थी छप्परफाड़ कमाई
ऐसा ही एक धमाकेदार शो 34 साल पहले डीडी नेशनल पर आया था, जिसने टेलीविजन की दुनिया में धूम मचा दी थी। इस शो की सबसे बड़ी खासियत यह थी कि इसकी एडिटिंग ऑन द स्पॉट हुआ करती थी और इसकी कॉमेडी ऐसी थी कि एक बार बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन (Amitabh Bachchan) भी हंस-हंसकर अपनी कुर्सी से नीचे गिर गए थे।
6 मई 1993 को शुरू हुआ था सफर:
दूरदर्शन के इस आइकॉनिक शो का नाम ‘देख भाई देख’ (Dekh Bhai Dekh) था, जो 6 मई 1993 को पहली बार ऑनएयर हुआ था। इस पॉपुलर कॉमेडी शो का निर्देशन जाने-माने डायरेक्टर आनंद महेंद्रू ने संभाला था, जबकि इसकी प्रोड्यूसर मशहूर अभिनेत्री जया बच्चन थीं।
डायरेक्टर आनंद महेंद्रू ने एक इंटरव्यू में अमिताभ बच्चन से जुड़ा एक मजेदार किस्सा साझा करते हुए बताया था कि साल 1992 में जया बच्चन ने उनसे यूके के एक चैनल के लिए कॉमेडी शो बनाने को कहा था। उन्होंने एक संयुक्त परिवार (Joint Family) पर आधारित शो का पायलट शूट करके भेजा। पायलट एपिसोड देखने के बाद अमिताभ बच्चन ने उन्हें फोन किया और तारीफ करते हुए कहा कि वह शो को देखकर इतना हंसे कि अपनी कुर्सी से ही नीचे गिर पड़े।
खुद के परिवार से मिली थी शो बनाने की प्रेरणा:
निर्देशक आनंद महेंद्रू के मुताबिक, ‘देख भाई देख’ की कहानी उन्हें बाहर से नहीं बल्कि उनके अपने परिवार से ही मिली थी। शो में अभिनेत्री फरीदा जलाल द्वारा निभाया गया किरदार उनकी खुद की मां से प्रेरित था, जबकि नवीन निश्चल का किरदार उनके बड़े भाई के जीवन पर आधारित था। इस शो को बनाने के लिए टीम ने काफी मेहनत की थी और शेखर सुमन की बेहतरीन कॉमेडी टाइमिंग ने इस शो में चार चांद लगा दिए थे।

ऑन-द-स्पॉट एडिटिंग:
यह शो अपने तकनीकी पक्ष के लिए भी जाना जाता है। ‘देख भाई देख’ दूरदर्शन के उन शुरुआती शोज में से एक था, जिसमें मल्टी-कैमरा सेटअप का इस्तेमाल किया गया था। शो के डायलॉग्स लोकप्रिय अभिनेता और लेखक लिलिपुट लिखते थे। निर्देशक एक्टर्स को सीन समझाते थे और सेट पर ही चीजें इम्प्रोवाइज होती थीं। इस शो के कुल 50 एपिसोड ऑनएयर हुए थे, जिन्हें दर्शकों का भरपूर प्यार मिला। शाम को 6 बजते ही पूरा परिवार अपना सारा काम छोड़कर इस शो को देखने के लिए टीवी के आगे बैठ जाता था।
दिग्गज कलाकारों से सजी थी स्टार कास्ट:
इस शो में एक से बढ़कर एक दिग्गज कलाकारों ने अपनी बेहतरीन एक्टिंग से जान डाल दी थी।
शो में सुषमा सेठ, एन.के. शिवपुरी, नवीन निश्चल,
शेखर सुमन, फरीदा जलाल, भवन बालसवर, विशाल सेठ, नताशा सिंह, अमर उपाध्याय,
देवेन भोजानी, उर्वशी ढोलकिया और सतीश शाह जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आए थे।
क्या थी ‘देख भाई देख’ की कहानी?
इस लोकप्रिय सीरियल की कहानी मुंबई में रहने वाले दीवान परिवार की तीन पीढ़ियों के इर्द-गिर्द घूमती थी।
यह पूरा परिवार एक ही पैतृक हवेली में साथ मिलकर रहता था।
कहानी में ज्वाइंट फैमिली के बीच होने वाली खट्टी-मीठी नोकझोंक, व्यापारिक परेशानियां,
बच्चों की परवरिश और सास-ससुर के रिश्तों की बहुत ही खूबसूरत और हास्यप्रद झलक देखने को मिलती थी,
जो आज भी लोगों को खूब गुदगुदाती है।
Tag: #nextindiatimes #AmitabhBachchan #Entertainment




