सिद्धार्थनगर। जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र में राप्ती नदी के मुंहचोरवा घाट के पास हुए हरिश्चंद्र हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। ढेबरुआ थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने हत्याकांड (murder) में शामिल चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मृतक की पत्नी माया देवी भी शामिल है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: सड़क किनारे कूड़े का अंबार, संक्रामक रोगों का बढ़ा खतरा
आपको बता दें कि सिद्धार्थनगर जिले के इटवा थाना क्षेत्र के कपिवा गांव निवासी हरिश्चंद्र का शव 30 अगस्त को ढेबरुआ थाना क्षेत्र में राप्ती नदी पर स्थित मुंहचोरवा घाट के पास बरामद हुआ था। मौके से मृतक का ई-रिक्शा भी सड़क किनारे मिला था। शुरुआती तौर पर मामला दुर्घटना जैसा नजर आ रहा था लेकिन पुलिस की जांच आगे बढ़ी तो हत्या की पूरी साजिश का खुलासा होता चला गया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि हरिश्चंद्र की पत्नी माया देवी का नियाज अहमद से प्रेम संबंध था। माया देवी ने पुलिस को बताया कि उसका पति शराब के नशे में उसके साथ मारपीट करता था। इसी से परेशान होकर उसने अपने प्रेमी नियाज अहमद पर पति की हत्या का दबाव बनाया। इसके बाद नियाज अहमद ने हरिश्चंद्र की हत्या की योजना बनाई और अपने साथी इरशाद तथा अब्दुल्ला को इसमें शामिल किया। पुलिस के अनुसार, नियाज ने दोनों को हत्या के लिए एक लाख रुपये देने की बात कही थी, जिसमें से 60 हजार रुपये उन्हें दिए भी जा चुके थे।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन के मुताबिक 8 सितंबर को ढेबरुआ पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम बढ़नी के पचपेड़वा तिराहे के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि हरिश्चंद्र हत्याकांड में शामिल अभियुक्त इरशाद अपने दो साथियों के साथ दूधवनिया बुजुर्ग नहर के रास्ते धनोरा की ओर जाने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दूधवनिया बुजुर्ग पुल से नहर की तरफ जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी की और इरशाद, अब्दुल्ला तथा नियाज अहमद को गिरफ्तार कर लिया। इनकी निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू और छह मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार 30 अगस्त को अब्दुल्ला और इरशाद सवारी बनकर हरिश्चंद्र के ई-रिक्शे में बैठे थे। मुंहचोरवा घाट के पास सुनसान स्थान देखकर दोनों ने चाकू से हरिश्चंद्र पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंक दिया गया और ई-रिक्शे को सड़क किनारे इस तरह पलट दिया गया, जिससे घटना सड़क हादसे जैसी लगे।
पुलिस ने इस हत्याकांड में मृतक की पत्नी माया देवी समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया गया है। वहीं, हत्याकांड का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने टीम को 20 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #murder #Siddharthnagar




