38 C
Lucknow
सोमवार, जुलाई 13, 2026

600 अंक टूटा Sensex, रुपया भी गिरा; स्टॉक मार्केट में ₹2 लाख करोड़ स्वाहा

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में संकट गहराने से आज एशियाई बाजारों में काफी गिरावट आई है। उसका असर भारतीय बाजार पर भी दिख रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई Sensex 600 अंक से अधिक गिर गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी 50 इंडेक्स भी 150 अंक से अधिक फिसल गया।

यह भी पढ़ें-1865 में पहली बार क्रैश हुआ था भारत का शेयर बाजार, ‘सफेद सोना’ बना था संकट

सुबह 9.23 बजे सेंसेक्स 619.63 अंक यानी 0.80% की गिरावट के साथ 976,949.76 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी 181.50 अंक यानी 0.75% नीचे 24,025.40 अंक पर ट्रेड कर रहा था। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 0.4% गिरावट के साथ 95.7050 पर खुला। पिछले सत्र में यह 95.3250 पर बंद हुआ था।

ऑटो और मेटल शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। सेंसेक्स के 30 में से 27 शेयर गिरावट के साथ खुले। इंडिगो में सबसे ज्यादा 2.81 फीसदी गिरावट रही। इसके अलावा टाटा स्टील, मारुति, एशियन पेंट्स, इटरनल, अल्ट्राटेक सीमेंट, लार्सन एंड टुब्रो में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। केवल टीसीएस, एचसीएल टेक और एनटीपीसी के शेयर तेजी के साथ खुले। इस गिरावट से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 2 लाख करोड़ रुपये गिरकर 479 लाख करोड़ रुपये रह गया।

निफ्टी50 इंडेक्स में इंटरग्लोब एविएशन, टाटा स्टील और मारुति सुजुकी इंडिया के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 0.58 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.56 प्रतिशत गिरावट आई है। सेक्टर के हिसाब से, निफ्टी मेटल में सबसे ज्यादा गिरावट देखी गई। निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज, निफ्टी ऑटो और निफ्टी बैंक का प्रदर्शन भी कमजोर रहा। वहीं, निफ्टी आईटी और निफ्टी फार्मा ने बेहतर प्रदर्शन किया।

पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका और ईरान ने एक दूसरे के ठिकानों पर हमले किए हैं। ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को फिर से बंद करने की घोषणा की है। इससे कच्चे तेल की कीमत में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 4% से ज्यादा बढ़कर $79 प्रति बैरल हो गया। इससे भारत के ट्रेड बैलेंस पर जोखिम की चिंताएं फिर से बढ़ सकती हैं।

Tag: #nextindiatimes #Sensex #StockMarket

RELATED ARTICLE