महाराष्ट्र। मुंबई के नजदीक भिवंडी में शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भिवंडी पुलिस ने इस मामले में बिहार और हरियाणा के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच में यह भी सामने आया है कि पेपर लीक का नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हो सकता है। वहीं मामले में दो और आरोपियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें-परीक्षा से एक दिन पहले लीक हुआ TET का पेपर, रद्द हुई परीक्षा
महाराष्ट्र TET पेपर लीक मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के पटना के रहने वाले राजीव श्रीप्रयाग साव (उम्र 45 साल) और आकाश कुमार स्वराज कुमार (उम्र 30) तथा हरियाणा के पानिपत के रहने वाले धीरज बलराज सिंह उम्र 28) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से TET परीक्षा के चार प्रश्नपत्र सेट बरामद किए हैं। जांच में खुलासा हुआ है कि इन प्रश्न पत्रों की बिक्री के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये का सौदा होने वाला था।
आरोपियों के पास से मोबाइल फोन, डेबिट और एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, भारत और नेपाल की मुद्रा, नकदी, चेक, प्रेस आईडी कार्ड, मतदाता पहचान पत्र तथा लोक जनशक्ति पार्टी का कार्ड भी जब्त किया गया है। जांच के दौरान इस गिरोह के दो और सदस्यों के नाम सामने आए हैं। इनमें हरियाणा का कपिल दहिया और बिहार के पटना का बिजेंद्र कुमार शामिल है। दोनों फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।

पुलिस को आशंका है कि इस पेपर लीक रैकेट के तार बिहार, हरियाणा, दिल्ली, आगरा समेत कई अन्य राज्यों से जुड़े हो सकते हैं। जब्त किए गए चेक, आर्थिक लेन-देन, अन्य सहयोगियों और पूरे पेपर लीक नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (DCP) पवन बनसोडे के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जो पूरे राज्य और अन्य राज्यों में फैले इस नेटवर्क की जांच कर रहा है।
Tag: #nextindiatimes #TET #Maharashtra




