नई दिल्ली। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता और वरिष्ठ अधिवक्ता गौरव भाटिया ने कॉकरोच जनता पार्टी और उसके प्रमुख नेताओं के खिलाफ मानहानि केस दर्ज कराया है। गौरव ने अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke), सौरव दास और आशुतोष रांका के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट में 2 करोड़ रुपये का सिविल मानहानि मुकदमा दायर किया है।
यह भी पढ़ें-अभिजीत दिपके पर FIR, जानें कौन सी लगीं धाराएं और कितनी हो सकती है सजा?
भाटिया ने कथित रूप से मानहानिकारक सामग्री को आगे ब्रॉडकास्ट करने पर रोक लगाने के लिए अदालत से स्थायी निषेधाज्ञा की भी मांग की है। आपको बता दें कि यह मामला एक कथित फर्जी और AI से तैयार किए गए ग्राफिक से जुड़ा है जिसमें स्वतंत्र भारद्वाज को लेकर भाटिया के नाम से आपत्तिजनक बयान फैलाया गया था। भारद्वाज पर CJP कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता के साथ कथित मारपीट का आरोप है।
विवाद तब शुरू हुआ जब CJP प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक AI-जेनरेटेड ग्राफिक शेयर किया। इसमें दावा किया गया था कि गौरव भाटिया ने भारद्वाज को ‘दिमागी नक्सल’ कहा है और उन पर जातिवाद का जहर रखने जैसी टिप्पणी की है।

भाटिया ने इन टिप्पणियों से साफ इनकार करते हुए ग्राफिक को फर्जी बताया और दास को पोस्ट हटाने तथा बिना शर्त माफी मांगने के लिए 24 घंटे का समय दिया। दास ने बाद में पोस्ट हटा दी और अपने x अकाउंट पर स्पष्ट किया कि ग्राफिक AI से तैयार किया गया था। हालांकि उन्होंने भाटिया से यह सवाल भी किया कि क्या वह AI से तैयार किए गए बयान से ‘असहमत’ हैं।
भाटिया का आरोप है कि पोस्ट हटाए जाने के बावजूद CJP के अन्य नेताओं ने इसे आगे प्रसारित किया। CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने कथित तौर पर दास के अकाउंट से ग्राफिक को दोबारा पोस्ट किया और BJP नेताओं पर कटाक्ष करते हुए कैप्शन जोड़ा। CJP के संस्थापक अबिजीत दिपके पर भी विवादित सामग्री को बढ़ावा देने का आरोप लगाया गया है।
Tag: #nextindiatimes #कॉकरोचजनतापार्टी #CJP #AbhijitDipke




