स्पोर्ट्स डेस्क। शेर-ए-पंजाब टी20 लीग 2026 के पांचवें मुकाबले में हाई स्कोरिंग मुकाबला देखने को मिला। अभिषके शर्मा (Abhishek Sharma) की कप्तानी वाली अमृतसर सूरमास को प्रभसिमरन सिंह की अगुवाई वाली टीम जालंधर वॉरियर्स से हार का सामना करना पड़ा। मोहाली में खेले गए इस मुकाबले में कुल 529 रन बने और 264 रनों का टारगेट चेज हुआ। अभिषेक की कप्तानी पारी बेकार चली गई।
यह भी पढ़ें-दलीप ट्रॉफी: रिंकू सिंह ने लगाया अर्धशतक, ढहती सेंट्रल जोन की पारी को ऐसे उबारा
अमृतसर के लिए खेलते हुए अभिषेक ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि नमन धीर ने शतकीय पारी खेली। हालांकि, इन दोनों की पारी पर प्रभसिमरन सिंह की पारी भारी पड़ी और उन्होंने नाबाद रहते हुए शतक लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाई। अभिषेक की कप्तानी वाली टीम की ये लगातार दूसरी हार है। उन्हें अपने पहले मैच में भी हार का सामना करना पड़ा था।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने के लिए उतरी अमृतसर सूरमास की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। विकेटकीपर बल्लेबाज सहज धवन 2 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद कप्तान अभिषेक शर्मा और नमन धीर ने मिलकर मोर्चा संभाला। दोनों ने जालंधर के गेंदबाजों की कुटाई शुरू कर दी। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 151 रनों की साझेदारी की। अभिषेक ने 26 गेंदों पर 82 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे।

नमन ने 56 गेंदों पर 117 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 7 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के निकले। अमृतसर ने पहले बैटिंग करते हुए 5 विकेट के नुकसान पर 264 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। ऐसा लग रहा था कि जालंधर के लिए इस पहाड़ जैसे स्कोर पर चढ़ना मुश्किल होगा लेकिन कप्तान प्रभसिमरन ने इस बौना साबित कर दिया।
दो विकेट गंवाने के बाद प्रभसिमरन और अनमोल मल्होत्रा ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर टीम को जीत दिला दी। प्रभसिमरन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 47 गेंदों पर नाबाद 125 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 14 चौके और 8 छक्के जड़े। अनमोल भी 23 गेंदों पर 53 रन बनाकर नाबाद रहे। जालंधर की टीम ने 265 रनों के लक्ष्य को 16.5 ओवरों में 2 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया और मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की।
Tag: #nextindiatimes #Cricket #AbhishekSharma




