सिद्धार्थनगर। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) ने गुरुवार को सिद्धार्थनगर में जोरदार प्रदर्शन किया। सपा जिला अध्यक्ष लालजी यादव की अगुवाई में पार्टी नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर को सौंपा गया।
यह भी पढ़ें-नेपाल में सैलाब में बहा सिद्धार्थनगर का युवक, अगले दिन मिला शव
सपा नेताओं का आरोप है कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में बेरोजगारी और महंगाई चरम पर पहुंच गई है। खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से आम आदमी की रसोई पर भारी असर पड़ रहा है और गरीब लगातार आर्थिक संकट से जूझ रहा है। मीडिया से बातचीत में सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के पिपरा रामलाल में मदरसा ध्वस्तीकरण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मदरसे को नियम विरुद्ध तरीके से ध्वस्त किया गया। उनका दावा है कि चकबंदी के दौरान संबंधित अभिलेखों में उस स्थान पर मदरसा दर्ज था, जबकि बाद के रिकॉर्ड में कथित तौर पर उसे खेलकूद का मैदान दर्शाया गया।
लालजी यादव ने आरोप लगाया कि प्रशासन डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने राज्यपाल से पूरे मामले के अभिलेखों की जांच कराने की मांग की। सपा जिलाध्यक्ष ने सरकारी जमीन पर मंदिर निर्माण और डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के अनावरण को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकारी जमीन पर मंदिर निर्माण की अनुमति दी जा रही है, जबकि दूसरी तरफ आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण नहीं होने दिया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान पेट्रोल-डीजल में एथेनॉल मिश्रण, चीनी के बढ़ते दाम और पुलिस विभाग में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया गया। सपा जिलाध्यक्ष ने पुलिस विभाग में तैनाती को लेकर भी सवाल खड़े किए और पारदर्शिता की मांग की। इसके अलावा सामूहिक विवाह योजना में टेंडर को लेकर भी सपा ने गंभीर आरोप लगाए। लालजी यादव ने कहा कि उनके पास गोंडा के जिलाधिकारी से संबंधित दस्तावेज हैं, जिसमें एक ठेकेदार का चरित्र प्रमाण पत्र निरस्त किए जाने की बात है। इसके बावजूद सिद्धार्थनगर में समाज कल्याण विभाग द्वारा उसे टेंडर दिए जाने का आरोप लगाया गया। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और विधानसभा में सपा विधायकों के माध्यम से यह मुद्दा उठाने की बात कही।
सपा नेताओं ने कहा कि सरकार गरीब, पिछड़े, दलित और शोषित वर्ग के हित की बात करती है, लेकिन सरकारी योजनाओं के ठेके और टेंडर में कथित तौर पर कुछ लोगों को ही लाभ पहुंचाया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने इन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #SamajwadiParty #Siddharthnagar




