बिश्केक। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिश्केक में 26वें शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन में समूह के दूसरे नेताओं से तो गर्मजोशी से मुलाकात की और बात की। लेकिन उन्होंने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तरफ देखा तक नहीं। रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी जब वैश्विक नेताओं से मिल रहे थे और गर्मजोशी से उनसे बात कर रहे थे तो वहां शहबाज शरीफ भी मौजूद थे लेकिन मोदी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री की तरफ देखा तक नहीं।
यह भी पढ़ें-BRICS Summit रिहर्सल के चलते थमी दिल्ली की रफ्तार, कई रास्तों पर डायवर्जन
ग्रुप फोटो के दौरान जो तस्वीरें और वीडियो सामने आए हैं उनमें प्रधानमंत्री मोदी को सबसे ज्यादा गर्मजोशी के साथ रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मिलते देखा गया है। इसके अलावा चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भी पीएम मोदी गर्मजोशी के साथ हाथ मिलाते देखे गये हैं। आपको बता दें कि इसी महीने भारत में भी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन होने वाला है और बहुत उम्मीद है कि चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति पुतिन नई दिल्ली आएंगे। ये दुर्लभ मौका है जब इतने बड़े दो शिखर सम्मेलन बैक टू बैक हो रहे हैं।

SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि इससे निपटने के लिए केवल घटनाओं के बाद प्रतिक्रिया देने की नीति पर्याप्त नहीं है। उन्होंने आतंकवाद के वित्तपोषण, भर्ती, कट्टरपंथ और आतंकियों को सुरक्षित ठिकाने उपलब्ध कराने वाले पूरे तंत्र को खत्म करने की जरूरत पर जोर दिया।
पीएम मोदी ने शाहबाज शरीफ के सामने पाकिस्तान का नाम लिए बिना कहा कि जो राष्ट्र आतंकवाद को अपनी नीति का माध्यम बनाते हैं और आतंकियों को समर्थन या पनाह देते हैं, उन्हें स्पष्ट संदेश दिया जाना चाहिए कि आतंकवाद किसी भी देश के लिए रणनीतिक संपत्ति नहीं हो सकता। प्रधानमंत्री ने SCO के मंच से सदस्य देशों से आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर कार्रवाई करने का आह्वान किया।
Tag: #nextindiatimes #SCOSummit #PMModi #XiJinping




