स्पोर्ट्स डेस्क। पूर्व भारतीय बल्लेबाज रोबिन उथप्पा ने दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की मेजबानी में खेले जाने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारत की 15 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा की है। उथप्पा ने इस टीम को बम स्क्वॉड करार दिया है और दावा किया है कि यदि यह चुनिंदा टीम अगले एक साल तक साथ खेलता है तो भारत का वर्ल्ड कप अभियान बेहद खतरनाक और सफल साबित हो सकता है।
यह भी पढ़ें-क्या होता है BCCI का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट? किन खिलाड़ियों को मिलता है ये
भारत ने आखिरी बार 2011 में अपनी सरजमीं पर वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था जबकि 2023 में टीम इंडिया फाइनल तक पहुंचकर ऑस्ट्रेलिया से हार गई थी। उथप्पा का मानना है कि हालांकि विश्व कप में अभी समय बाकी है, लेकिन अगले 12 महीनों तक इसी 15 सदस्यीय संयोजन को लगातार मौके देना सबसे सही तैयारी होगी।

उथप्पा की इस टीम में टॉप ऑर्डर में अनुभवी रोहित शर्मा, कप्तान शुभमन गिल और अनकैप्ड युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को बतौर ओपनर जगह दी गई है। मध्यक्रम की जिम्मेदारी विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल और संजू सैमसन के कंधों पर रखी गई है। संजू को बैकअप विकेटकीपर और मैच फिनिशर के साथ-साथ एक बहुमुखी विकल्प के रूप में शामिल किया गया है। ऑलराउंडर और स्पिन विभाग में उन्होंने हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा और कुलदीप यादव पर भरोसा जताया है।
सबसे हैरान करने वाला फैसला तेज गेंदबाजी विभाग में देखने को मिला, जहां उथप्पा ने जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और अर्शदीप सिंह के साथ अनुभवी भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) को शामिल किया है, जिन्होंने जनवरी 2022 के बाद से भारत के लिए कोई वनडे मैच नहीं खेला है। उथप्पा का मानना है कि विविधता से भरी यह गेंदबाजी लाइन-अप टीम को हर स्थिति में मजबूत बनाएगी।
ये है पूरी टीम:
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, वैभव सूर्यवंशी, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह।
Tag: #nextindiatimes #BhuvneshwarKumar #Cricket




