सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar जिले में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट, सोना छीनने, ससुर द्वारा छेड़छाड़ और निजी वीडियो वायरल करने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर अभिषेक महाजन से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है। मामला कठेला समय माता थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: जमीन पर कब्जा करने की कोशिश, अधिकारियों के चक्कर लगाने को मजबूर पीड़ित
पीड़िता फरहीन का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज की मांग की जा रही थी। पीड़िता के मुताबिक उसने अपने मायके पक्ष से दो लाख रुपये नकद और एक लाख रुपये ऑनलाइन दिए, इसके बावजूद दहेज की मांग जारी रही। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। पीड़िता ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसके पति ने दूसरी शादी कर ली। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो वह 17 जून को अपने ससुराल पहुंची, जहां पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से उसकी पिटाई कर दी, जिससे वह घायल होकर बेहोश हो गई।
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसका सोना और कान की बाली भी छीन ली गई। इसके अलावा उसके पति द्वारा निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया जा रहा है। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता फरहीन ने बताया- मेरी शादी 7 नवंबर 2024 को कठेला समय माता थाना क्षेत्र के बगुलाहवा खालसा निवासी मोहम्मद अशरफ के साथ हुई थी। शादी के करीब दो महीने तक ससुराल वालों ने मुझे ठीक से रखा, लेकिन इसके बाद दहेज की मांग को लेकर मारपीट शुरू कर दी गई। मुझसे पैसे की मांग की जाने लगी। मना करने पर मेरे पति अशरफ ने दूसरी शादी करने की बात कही और बाद में शादी भी कर ली।
जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो मैं ससुराल पहुंची, जहां मेरे साथ मारपीट की गई और मैं बेहोश हो गई। मेरे ससुर द्वारा भी मेरे साथ गलत व्यवहार और छेड़छाड़ की गई। जब मैंने इसकी शिकायत अपने पति से की तो उन्होंने कहा कि जो मेरे अब्बू कह रहे हैं वही करो। मेरी शादी में मेरे मायके वालों ने तीन लाख रुपये नकद और लाखों रुपये का सामान दिया था। मैंने कठेला समय माता थाना और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर से शिकायत की है। मैं अपने पति के साथ रहना चाहती हूं और मुझे न्याय चाहिए।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Crime




