एंटरटेनमेंट डेस्क। शायद ही कोई ऐसा हो, जिसने कभी बैटमैन (Batman) का नाम नहीं सुना हो। यह सुपरहीरों की दुनिया में एक ऐसा नाम है, जिसके पास न तो कोई जादुई ताकत है और न ही वह किसी दूसरे ग्रह से आया है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आज जिस खौफनाक बैटमैन को हम देखते हैं, वह शुरुआत में ऐसा बिल्कुल नहीं था?
यह भी पढ़ें-टॉम क्रूज का असली नाम जानते हैं आप? ये हैं अब तक के उनके खतरनाक स्टंट्स
सुपरमैन की जबरदस्त कामयाबी के बाद डीसी कॉमिक्स एक नए सुपरहीरो की तलाश कर रहा था और इसे खोजने का काम आर्टिस्ट बॉब केन को सौंपा गया। उन्होंने 1938 में बैटमैन का पहला स्केच बनाया, जो आज के डार्क नाइट से एकदम अलग था। इसमें बैटमैन लाल रंग के सूट, सुनहरे बाल और एक छोटे से मास्क में था, जो काफी हद तक सुपरमैन की कॉपी लगता था।

साथ ही इसका मशहूर चित्रकार लियोनार्डो दा विंची की तस्वीर से भी खास कनेक्शन था। दरअसल, इस सुपरहीरो के पंखों को दा विंची की फ्लाइंग मशीन की पेंटिंग और पुरानी हॉलीवुड फिल्म ‘द बैट व्हिस्पर्स’ से प्रेरित होकर बनाया गया था। बैटमैन को उसका असली ‘डार्क’ और रहस्यमयी अवतार देने का श्रेय असल में लेखक बिल फिंगर को जाता है।
फिंगर ने ही उस अजीबोगरीब लाल सूट को हटाकर उसे ब्लैक-ग्रे लुक, चेहरे का नकाब (काउल) और नुकीले कान दिए थे। गोथम सिटी, बैटमोबाइल, बैटकेव और अरबपति ब्रूस वेन की पूरी कहानी बिल फिंगर के ही दिमाग की उपज थी। एक सख्त लीगल कॉन्ट्रैक्ट की वजह से करीब 75 सालों तक दुनिया सिर्फ बॉब केन को ही इसका इकलौता क्रिएटर मानती रही। आखिरकार साल 2015 में डीसी कॉमिक्स ने अपनी गलती सुधारी और बिल फिंगर को आधिकारिक तौर पर ‘सह-निर्माता’ का सम्मान दिया।
Tag: #nextindiatimes #Batman #Hollywood #Entertainment




