इंग्लैंड में युजवेंद्र चहल की घातक गेंदबाजी, 4 विकेट लेकर निकाला दम

स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) इन दिनों इंग्लैंड में नॉर्थहैम्पटनशायर के लिए 2026 काउंटी चैंपियनशिप में खेल रहे हैं। वह लगातार टीम के लिए शानदार प्रदर्शन करते हुए नजर आ रहे हैं। डरहम के खिलाफ जारी टूर्नामेंट के 43वें मुकाबले में चहल ने अपनी फिरकी में 4 बल्लेबाजों को फंसाया। वह टीम के पारी में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने।

यह भी पढ़ें-वैभव सूर्यवंशी दलीप ट्रॉफी फाइनल खेलेंगे या नहीं? ये खिलाड़ी लेगा अंतिम फैसला

नॉर्थम्प्टन के काउंटी ग्राउंड पर डरहम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहली पारी में डरहम सिर्फ 205 पर ढेर हो गई। टीम के लिए डेविड बेडिंगहम ने 81 रनों की सबसे बड़ी पारी खेली। इसके अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज 50 रन का आंकड़ा नहीं छू सका। इस दौरान नॉर्थहैम्पटनशायर के लिए चहल ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए। भारतीय स्पिनर ने 15.2 ओवर में सिर्फ 36 रन खर्चे। उन्होंने 3 मेडन ओवर भी फेंके।

चहल ने अपनी गेंदबाजी पर कप्तान एलेक्स लीज, बेन स्टोक्स, मैथ्यू पॉट्स और केसी एल्ड्रिज को अपना शिकार बनाया। इसमें उन्होंने पॉट्स और स्टोक्स को बोल्ड करके पवेलियन भेजा। वह 21 जुलाई से काउंटी चैंपियनशिप में खेल रहे हैं। वह टूर्नामेंट में काफी मुकाबले खेल चुके हैं। सभी मैचों में चहल की तरफ से शानदार गेंदबाजी देखने को मिली है।

नजर डालें चहल के अंतर्राष्ट्रीय करियर पर, तो अब तक उन्होंने 72 वनडे और 80 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल लिए हैं। वनडे की 69 पारियों में चहल ने 27.13 की औसत से 121 विकेट चटकाए, जिसमें बेस्ट फिगर 6/42 का रहा। इस दौरान उन्होंने 2 बार ‘फाइव विकेट हॉल’ अपने नाम किया। बाकी टी20 इंटरनेशनल की 79 पारियों में उन्होंने 25.09 की औसत से 96 विकेट अपने नाम किए, जिसमें बेस्ट फिगर 6/25 का रहा। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.19 की रही।

Tag: #nextindiatimes #YuzvendraChahal #Cricket

RELATED ARTICLE