सिद्धार्थनगर। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र अंतर्गत कठेला समय माता थाना क्षेत्र के खैरा बाजार गांव में एक अनोखी शादी ने पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। यहां शादी के बाद दुल्हन की विदाई Helicopter से कराई गई, जिसे देखने के लिए आसपास के गांवों से भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में चोर बेखौफ, दो घरों से उड़ाया लाखों का सामान; मचा हड़कंप
जैसे ही हेलीकॉप्टर गांव में उतरा, लोगों में उत्साह और जिज्ञासा का माहौल बन गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस नजारे को देखने के लिए मौके पर पहुंच गया। ग्रामीणों ने इसे अपने जीवन का दुर्लभ और यादगार पल बताया। गांव में पहली बार इस तरह की विदाई होने के कारण यह पल चर्चा का विषय बन गई है। जानकारी के अनुसार, यह खास इंतजाम दुल्हन को एक यादगार और अनोखा तोहफा देने के उद्देश्य से किया गया था।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे इस शादी को खास बनाना चाहते थे। इसलिए हेलीकॉप्टर से विदाई की व्यवस्था की गई। इस पहल की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है। दूल्हा राम लखन चौधरी, पुत्र राम अजोरे चौधरी ग्राम जिगना शुक्ल के निवासी हैं, जबकि दुल्हन प्रियंका चौधरी पुत्री सुभाष चौधरी खैरा बाजार गांव की रहने वाली हैं। यह अनोखी विदाई न सिर्फ गांव बल्कि पूरे क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बन गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि यह उनके गांव के इतिहास में पहली बार था जब किसी दूल्हे ने हेलीकॉप्टर से आकर दुल्हन की विदाई कराई। बुजुर्गों से लेकर बच्चों तक, सभी इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे। लोगों ने कहा कि उन्होंने ऐसा नजारा केवल फिल्मों या टीवी में देखा था, लेकिन इसे अपने गांव में देखना उनके लिए एक विशेष अनुभव था।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Helicopter #Siddharthnagar




