सिद्धार्थनगर। नगर पालिका बांसी के वार्ड पटेल नगर स्थित डहरिया ताल (Pond) में डूबने से एक 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान प्रतापपुर मुहल्ले के निवासी विष्णु प्रसाद पुत्र राम आसरे के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 11 बजे स्थानीय लोगों ने डहर ताल में एक व्यक्ति को डूबा हुआ देखा। उन्होंने तत्काल शोर मचाया और घटना की सूचना कोतवाली बांसी को दी।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: संदिग्ध हालात में महिला की मौत, पति के प्रेम संबंधों के चलते हत्या का आरोप
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने नाव की मदद से शव को ताल से बाहर निकाला। मृतक की पत्नी रिंका देवी ने पुलिस को लिखित सूचना दी है कि उनके पति की मौत डूबने से हुई है। कोतवाली प्रभारी मृत्युंजय पाठक ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि प्रथम दृष्टया यह डूबने से हुई मौत का मामला प्रतीत होता है।
हाल ही में सिद्धार्थनगर कोतवाली क्षेत्र के जमुआर नाले में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग का शव मिला था। रोवापार गांव निवासी बुद्धिराम पुत्र रामसुभग के रूप में शव की पहचान हुई। प्रथम दृष्टया उनकी मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही थी। राहगीरों ने नाले में शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी।

इस हादसे को लेकर परिजनों ने बताया था कि मृतक बुद्धिराम मंगलवार सुबह शौच के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान जमुआर नाले के पास उनका पैर फिसल गया और वे पानी में गिर गए। नाले में पानी अधिक होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए और डूबने से उनकी मौत हो गई थी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Police




