जयपुर। राजस्थान के जयपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के स्कूलों का दौरा करने का विरोध शुरू हो गया है। यहां बगरू इलाके में स्थित रामपुरा-कंवरपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक स्कूल में सीजेपी के कार्यकर्ता जैसे ही पहुंचे गांव के लोगों ने कार्यकर्ताओं का विरोध किया और उन्हें तुरंत वहां से भगा दिया।
यह भी पढ़ें-रैपर सैंटी शर्मा को महंगी पड़ी CJP प्रदर्शन पर टिप्पणी, YouTube चैनल डिलीट
दरअसल CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका इसी स्कूल में पहुंचने वाले थे, लेकिन इससे पहले ग्रामीणों ने सीजेपी के कार्यकर्ताओं को धक्का देकर गांव से बाहर निकाल दिया। इसके बाद ग्रामीण सीजेपी के विरोध में स्कूल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। CJP प्रवक्ता आशुतोष रांका ने इसे भाजपा प्रायोजित विरोध बताते हुए मारपीट का आरोप लगाते हुए स्कूल की बदहाली पर सवाल उठाए।
सीजेपी प्रवक्ता आशुतोष रांका ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “यह वहां के गांव वाले नहीं भाजपा के बुलाये हुए गुंडे है। इनका सरगना कमल प्रधान वहां गरीब लोगों की जमीन पर कब्जे का काम करता है। बच्चों को भैंसों में तबेले में पढ़ाया जा रहा है, और यह रोकने पर भाजपा अपने गुंडे भेज रही है क्या शर्मनाक स्थिति है।”

आशुतोष रांका ने लिखा, “रामपुरा, कंवरपुरा स्थित सरकारी स्कूल पिछले कई सालों से भैंसों के तबेले में चल रहा है। मैं अभी वही पहुंच रहा हूं। लेकिन हमारी टीम के कुछ साथी जो वहां पहुचे हुए थे, उनकी टीम के साथियों के साथ भाजपा के गुंडों ने मारपीट की।
सीजेपी के आरोपों को लेकर ग्रामीण जुगल किशोर शर्मा ने बताया, “हमने कुछ नहीं किया। वे अपने साथ 200-250 लोगों को लाए थे। हमने उन्हें मारा-पीटा नहीं। हमने उनसे शांति से बात की, लेकिन उन्होंने अपनी ही गाड़ी तोड़ दी। वे कहते हैं कि वे स्कूल की मरम्मत करने आए थे। लेकिन यह काम हमारे MLA करेंगे, इसके लिए 12 लाख रुपये तय किए गए हैं।”
Tag: #nextindiatimes #CJP #AshutoshRanka
