सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर जिले में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आकस्मिक निरीक्षण के दौरान एक गैर पंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। यह सेंटर बढ़या प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के (PHC) के सामने संचालित दीक्षा पैथोलॉजी पॉली क्लीनिक में चल रहा था।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: जर्जर हालत में सरकारी स्कूल का भवन, खतरे में बच्चों की सुरक्षा
गुरुवार शाम करीब 5:10 बजे पीसीपीएनडीटी नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेंटर पर छापा मारा। टीम में एसीएमओ डॉ. आरजी सिंह, सीएचसी अधीक्षक डॉ. पीएन यादव, एनएमएस पन्नालाल, कनिष्ठ सहायक मिथिलेश यादव, शिवम चौबे और माधवानंद शुक्ल समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी शामिल थे।

नोडल अधिकारी के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम जब सेंटर पहुंची तो संचालक को भनक लग गई। संचालक मौके से फरार हो गया। सेंटर के आगे के शटर पर ताला लगा दिया गया था जबकि पीछे के दरवाजे से संचालक भाग निकला। निरीक्षण के दौरान सेंटर लावारिस हालत में मिला। अंदर अल्ट्रासाउंड मशीनें मौजूद थीं। टीम ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद गैरपंजीकृत अल्ट्रासाउंड सेंटर को सील कर दिया। आकस्मिक निरीक्षण में नोडल अधिकारी के साथ सीएचसी अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे।
विभागीय कार्रवाई के बाद क्षेत्र में बिना पंजीकरण संचालित हो रहे ऐसे केंद्रों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्वास्थ्य विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में संचालित अन्य निजी अल्ट्रासाउंड सेंटरों और पैथोलॉजी संस्थानों की जांच तेज होने की संभावना है। विभाग का कहना है कि बिना पंजीकरण संचालित किसी भी संस्थान के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
(रिपोर्ट – दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #PHC #Siddharthnagar




