सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर (Siddharthnagar) के इटवा क्षेत्र में नवजात शिशु की मौत से जुड़ा मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को नया शिकायत पत्र सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में नवजात की मौत मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस ने दर्ज की FIR
परिजनों का आरोप है कि उपचार और प्रसव प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं, जबकि मामले में संबंधित पक्षों के अलग-अलग दावे भी सामने आ रहे हैं। आरोपों की सत्यता की पुष्टि फिलहाल जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। वही मुख्य चिकित्साधिकारी ने मीडिया से बातचीत में स्पष्ट किया है कि समाचार माध्यमों में मामला सामने आने के बाद विभाग ने संज्ञान लिया था।

मामले में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है और जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। सीएमओ के अनुसार जांच प्रक्रिया जारी है और समिति की रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल पूरे मामले पर जिले की निगाहें टिकी हुई हैं। पीड़ित परिवार न्याय की मांग कर रहा है, जबकि प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि जांच रिपोर्ट में क्या सामने आता है और आखिर नवजात की मौत के पीछे की सच्चाई क्या है?
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #newborn




