37 C
Lucknow
बुधवार, मई 27, 2026

सिद्धार्थनगर में नवजात की मौत मामले में बड़ा एक्शन, पुलिस ने दर्ज की FIR

सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा के जनता सेवा हॉस्पिटल में नवजात की मौत मामले में पुलिस ने एक्शन लेते हुए FIR दर्ज की है। परिजनों ने इटवा थाना, DM सिद्धार्थनगर व सीएमओ को शिकायती पत्र देकर अयोग्य डॉक्टर से ऑपरेशन कराने और इलाज में घोर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया था।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में स्वास्थ्य विभाग सवालों के घेरे में, प्रसव में लापरवाही के चलते नवजात की मौत

दरअसल जनता सेवा अस्पताल में ग्राम सहदेइया निवासी चंद्रमणि की पत्नी वंदना को प्रसव पीड़ा के दौरान भर्ती कराया गया। स्टाफ ने योग्य डॉक्टर से उपचार कराने का आश्वासन दिया। मगर पीड़ित ने आरोप लगाया कि बगैर किसी जांच और प्रशिक्षित पैरामेडिकल स्टाफ तथा बिना सर्जन एवं एलनिस्थीसिया व बगैर स्त्री रोग विशेषज्ञ के आपरेशन कर प्रसव करा दिया गया। नवजात शिशु पैदा हुआ और देखभाल की लापरवाही के कारण उसकी मृत्यु हो गई। बच्चे की मां की स्थिति भी गंभीर हो गई। जिसे दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पूरा प्रकरण 23 मई की रात को हुआ।

इसके बाद पीड़ित चंद्रमणि ने थाने पर तहरीर देते हुए आवश्यक कार्यवाही की मांग की। पुलिस ने तहरीर के हिसाब से अस्पताल के संचालक और स्टाफ के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिलते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।

बता दें यह अस्पताल पहले भी चर्चा में रहा। जिला स्तरीय टीम की जांच में कमी मिलने पर दो-दो बार अस्पताल सील किया गया। मगर फिर इसका नाम बदल कर संचालन किया जाने लगा। पहले सेवा हास्पिटल, फिर न्यू सेवा हास्पिटल और वर्तमान में जनता सेवा के नाम से हॉस्पिटल संचालित है। इस बार यहां नवजात की मृत्यु में जिस प्रकार लापरवाही बरती गई, वह गंभीर विषय है। मुकदमा तो दर्ज कर लिया गया है, मगर अभी तक हॉस्पिटल को सील नहीं किया गया है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

RELATED ARTICLE