39 C
Lucknow
Tuesday, May 26, 2026

बाणगंगा नदी में दुर्लभ डॉल्फिन की दर्दनाक मौत, जांच में जुटा वन विभाग

सिद्धार्थनगर। बानगंगा बैराज के पास सोमवार सुबह नदी में एक दुर्लभ डॉल्फिन (Dolphin) मृत अवस्था में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। नदी किनारे पहुंचे ग्रामीणों ने जब पानी में एक बड़े जलीय जीव को उतराते देखा तो पास जाकर उसकी पहचान डॉल्फिन के रूप में हुई। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में खूनी संघर्ष, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और सरिया; एक की मौत

घटना की जानकारी फैलते ही बैराज पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि जनवरी और फरवरी माह में बानगंगा पुल के पास अक्सर डॉल्फिन जल क्रीड़ा करती दिखाई देती थी। उसे देखने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग बैराज पर पहुंचते थे। ऐसे में डॉल्फिन की मौत से लोगों में मायूसी है।

बताया जा रहा है कि डॉल्फिन के मुंह में झिंगरी जाल फंस गया था, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों में दुख और नाराजगी का माहौल है। लोगों ने अवैध जाल पर कार्रवाई की मांग की है। कुछ लोगों ने यह भी कहा कि बैराज क्षेत्र में इन दिनों ड्रेसिंग कार्य चल रहा है और फाटक खोले जाने से कचरा बहकर आने की संभावना बढ़ गई है, जिससे डॉल्फिन प्रभावित हुई हो सकती है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के सही कारणों का पता चल सकेगा। अधिकारियों ने कहा कि डॉल्फिन दुर्लभ जलीय जीव है और उसके संरक्षण को लेकर सरकार लगातार अभियान चला रही है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Dolphin #Siddharthnagar

RELATED ARTICLE