38 C
Lucknow
Wednesday, April 22, 2026

सिद्धार्थनगर के बुढ़ी राप्ती नदी में हादसा, मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों की डूबने से हुई मौत

सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में बुढ़ी राप्ती नदी (Rapti River) में नहाने गए मेडिकल कॉलेज के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा सोमवार शाम करीब 4 बजे को योग माया मंदिर के पास हुआ, जहां चार छात्र नदी में नहाने गए थे। मृतकों की पहचान सचिन और सत्यम के रूप में हुई है।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: थाने के सामने वृद्ध की संदिग्ध हालत में मौत, मारपीट का लगा आरोप

जानकारी के अनुसार, चारों छात्र अपनी कार से बंधे तक पहुंचे और वहां से नदी किनारे नहाने गए। नहाने के दौरान सचिन और सत्यम अचानक गहरे पानी में चले गए। बताया जा रहा है कि नदी के उस हिस्से में मोड़ होने के कारण पानी काफी गहरा है, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सत्यम को डूबता देख सचिन उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन वह भी संतुलन खो बैठा और गहरे पानी में चला गया। कुछ ही पलों में दोनों पानी में समा गए। दोनों के साथ मौजूद विनीत और नितेश किनारे से मदद के लिए चिल्लाते रहे। शोर सुनकर पास के चरवाहे भी पहुंचे, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और दोनों छात्र नजरों से ओझल हो चुके थे।

सचिन गहरवार मेडिकल कॉलेज में जूनियर रेजिडेंट थे, जबकि सत्यम 2023 बैच के छात्र थे। दोनों अपने परिवारों की उम्मीद थे, डॉक्टर बनकर घर की जिम्मेदारी संभालने का सपना देख रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक अभय सिंह ने तीन गोताखोरों की मदद से दोनों को बाहर निकलवाया। मौके पर पहुंचे मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने सीपीआर देकर उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिली। हादसे के बाद मौके पर प्रशासनिक टीम भी पहुंची।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #RaptiRiver

RELATED ARTICLE

close button