सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा थाना क्षेत्र से मामला सामने आया है, जहां थाने (police station) के सामने एक वृद्ध की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और परिजनों ने मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: बार बलाओं का डांस देखने गए युवक की जमकर पिटाई, वीडियो वायरल
मामला इटवा थाना क्षेत्र के बेनीपुर पुरैना गांव का है, जहां दीवार निर्माण को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि इसी दौरान 60 वर्षीय राम निवास के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद राम निवास अपने बेटे के साथ शिकायत करने इटवा थाने पहुंचे, लेकिन थाने के सामने ही अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिर पड़े। मौजूद लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा की गई मारपीट में आई चोटों के कारण ही राम निवास की मौत हुई है और उन्होंने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मृतक की बहू ने बताया कि “दीवार को लेकर झगड़ा हुआ था, हमारे ससुर को मारा-पीटा गया, उनको चोट ज्यादा आई थी थाने पर शिकायत करने गए थे उसी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और मौत हो गई,हमें इंसाफ चाहिए।
वहीं इस मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा के डॉक्टर वीके सिंह ने बताया कि जब बुजुर्ग को अस्पताल लाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी और इसकी सूचना पुलिस को दे दी गई थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #siddharthnagar #policestation




