सिद्धार्थनगर। जिले में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी (Avimukteshwaranand Saraswati) महाराज का भव्य स्वागत किया गया। उनकी यात्रा बांसी विधानसभा से शुरू होकर डुमरियागंज विधानसभा, मंदिर चौराहा होते हुए इटवा विधानसभा पहुंची। यात्रा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से उनका जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में बदहाल सड़क पर ग्रामीणों ने कर दी धान की रोपाई, किया अनोखा विरोध
इटवा में समाजवादी पार्टी के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सुरेश यादव की अगुवाई में स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और समर्थक मौजूद रहे। यह यात्रा गौवंश को राष्ट्रीय पशु घोषित कराने की मांग को लेकर निकाली जा रही है। गौ संरक्षण के मुद्दे पर शंकराचार्य की इस यात्रा ने क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा को तेज कर दिया है।

मीडिया से बातचीत में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि गौ माता को सम्मान और संरक्षण दिलाने की मांग लंबे समय से देश के बहुसंख्यक लोगों की रही है, लेकिन अब तक कोई भी राजनीतिक दल या नेता इसे पूरा नहीं कर सका। उन्होंने कहा कि इसी कारण वे उत्तर प्रदेश की सभी विधानसभाओं में जाकर सीधे मतदाताओं से संवाद कर रहे हैं, ताकि गौ संरक्षण के मुद्दे पर जनसमर्थन तैयार किया जा सके।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या में हनुमान मंदिर की सीढ़ियों पर नमाज पढ़े जाने संबंधी बयान पर पूछे गए सवाल के जवाब में शंकराचार्य ने कहा कि ऐसा कोई घटनाक्रम नहीं हुआ था और वह बयान गलत साबित हुआ है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #AvimukteshwaranandSaraswati #Siddharthnagar




