39.8 C
Lucknow
बुधवार, जून 17, 2026

सिद्धार्थनगर: मजदूरी के विवाद में चाकूबाजी, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

सिद्धार्थनगर। Siddharthnagar जिले के इटवा थाना क्षेत्र के मस्जिदया रोड पर मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक मजदूर ने चाकू से हमला कर दिया, जिसमें पिता-पुत्र समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा, वीडियो वायरल

प्राप्त जानकारी के अनुसार मस्जिदया रोड स्थित एक स्थान पर मजदूरी के भुगतान को लेकर राजेश सोनी और मजदूर शमशाद निवासी भैसाही के बीच विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इसी दौरान आरोपी शमशाद ने कथित रूप से चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

हमले में राजेश सोनी, उनके पुत्र रवि सोनी तथा शनि गंभीर रूप से घायल हो गए। चाकू के वार से तीनों लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। अचानक हुई इस घटना से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसे भागने से रोकने के लिए पाइप से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही इटवा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी तथा मामले की जांच प्रारंभ कर दी है। वहीं घायल तीनों व्यक्तियों को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इटवा पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनका उपचार किया जा रहा है। चिकित्सकों के अनुसार घायलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बनाए हुए है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने मजदूरी भुगतान से जुड़े विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए ऐसी घटनाओं पर चिंता व्यक्त की है। वहीं पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Crime

RELATED ARTICLE