सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र में दबंगई और हैवानियत का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों की हैवानियत का वीडियो (video) सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ लोग एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर: मदरसे में नियुक्ति के नाम पर 17 लाख की ठगी, चार पर केस दर्ज
प्रसारित वीडियो डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सेखुईया गांव का बताया जा रहा है। पीड़ित युवक खरगोला गांव का निवासी है। उसने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह एक दावत से लौट रहा था, तभी रास्ते में करीब एक दर्जन लोगों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि सभी ने मिलकर उसे बंधक बना लिया और खेत की ओर ले जाकर बेरहमी से पिटाई की।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों ने उसका मोबाइल भी छीन लिया और घटना का वीडियो बनाकर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना करीब दस दिन पुरानी बताई जा रही है, लेकिन वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में आया। आरोप है कि युवक के कपड़े उतरवाकर उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और निजी अंग पर डंडे से हमला किया गया। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान उस पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की भी कोशिश की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फिलहाल मामला करीब 10 दिन पुराना बताया जा रहा है। दूसरी तरफ थानाध्यक्ष डुमरियागंज ने बताया कि तहरीर मिली है। प्रसारित वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #video #Siddharthnagar




