स्पोर्ट्स डेस्क। मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 के 11वें मुकाबले में एक हैरान कर देने वाला कोलाप्स देखने को मिला। ऑकलैंड कोलिजियम में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स और सीटल ऑर्कास के बीच खेले गए इस मैच में एक समय ऐसा लग रहा था कि सीटल की टीम टी20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा करने जा रही है लेकिन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के गेंदबाजों ने मैच के दूसरे हाफ में ऐसी खतरनाक वापसी की कि पूरी की पूरी टीम देखते ही देखते ऑल आउट हो गई।
यह भी पढ़ें-वैभव सूर्यवंशी का विज्ञापन की दुनिया में जलवा, जानिए अब कितनी कर दी फीस
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीटल ऑर्कास को उनके ओपनर्स ने एक ऐसी शुरुआत दी जिसने फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के खेमे में दहशत फैला दी। टिम साइफर्ट और शयान जहांगीर ने पहले विकेट के लिए 4.1 ओवर में ही 60 रनों की तूफानी साझेदारी कर डाली। पहला विकेट गिरने के बाद भी रनों की रफ्तार थमी नहीं और टीम ने सिर्फ 9.5 ओवरों में 1 विकेट के नुकसान पर 138 रन कूट दिए। उस वक्त मैदान का नजारा देखकर ऐसा लग रहा था कि स्कोर आसानी से 240 या 250 के पार जाएगा।

10वें ओवर की आखिरी गेंद पर जैसे ही टीम का दूसरा विकेट गिरा, मैच का पासा पूरी तरह पलट गया। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स (san francisco) के गेंदबाजों ने कसी हुई गेंदबाजी और सटीक लेंथ के दम पर शिकंजा कसना शुरू किया। जिसके चलते 138 रनों पर सिर्फ 1 विकेट गंवाने वाली सीटल ऑर्कास ने अपने आखिरी 9 विकेट सिर्फ 53 रन जोड़ने में खो दिए। नतीजा यह हुआ कि जो टीम 250 रनों की ओर बढ़ती दिख रही थी, वह 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई और 19.2 ओवरों में 191 रनों के स्कोर पर सिमट गई।
रन चेज में फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही लेकिन लुहान-ड्री प्रिटोरियस ने 39 गेंदों पर 87 रनों की तूफानी पारी खेलकर टीम की वापसी करवाई। फिर आरोन हार्डी और ब्रॉडी काउच ने भी अहम योगदान दिया, जिसके चलते फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की टीम ने 19.4 ओवर में 8 विकेट गंवाकर टारगेट हासिल कर लिया। ब्रॉडी काउच टीम की जीत के हीरो रहे, जिन्होंने 3 विकेट भी चटकाए और फिर 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन भी बनाए।
Tag: #nextindiatimes #MLC2026 #SeattleOrcasvsSanFranciscoUnicorns




