41 C
Lucknow
Wednesday, April 22, 2026

फतेहपुर में चाय से गरमाई राजनीति, भाजपा पर माहौल बिगाड़ने की साजिश का आरोप

फतेहपुर। खागा तहसील के चौकी चौराहे स्थित एक मशहूर चाय (Tea) दुकान पर ग्राहक और दुकानदार के बीच हुई मारपीट के बाद जिले का राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इस घटना के बाद मंगलवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव जगनायक सिंह के नेतृत्व में सपा नेताओं ने अल्पसंख्यक समुदाय के साथ बैठक कर स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश करते हुए डैमेज कंट्रोल किया है।

यह भी पढ़ें-भारत में परिवारवाद की राजनीति का बोलबाला, जानें किस पार्टी में ज्यादा हावी?

बैठक में सपा जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव, पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर, पूर्व जिलाध्यक्ष वलीउल्ला समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। यह बैठक हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र के अफोई और मोहम्मदपुर गौती गांव में आयोजित की गई, जहां सैकड़ों अल्पसंख्यक समुदाय के लोग और पार्टी पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक के दौरान प्रदेश सचिव जगनायक सिंह ने कहा कि भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से माहौल खराब करने की कोशिश की।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव का पुतला फूंकने वाले लोग सपा से जुड़े नहीं हैं। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह यादव ने भी कहा कि पुतला फूंकने वालों की पहचान की जा रही है और वे पार्टी से संबंधित नहीं हैं। उन्होंने भाजपा के पूर्व मंत्री धुन्नी सिंह पर इशारों में आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब उनके समर्थकों द्वारा कराया गया। वहीं सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष वलीउल्ला ने कहा कि हुसैनगंज के अल्पसंख्यक और पिछड़े वर्ग अब जागरूक हो चुके हैं और उन्हें धार्मिक आधार पर गुमराह नहीं किया जा सकता। उन्होंने दावा किया कि अल्पसंख्यक समाज पहले भी सपा के साथ था और आगे भी रहेगा।

पूर्व विधायक मोहम्मद सफीर ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब पहले अल्पसंख्यकों पर मुकदमे दर्ज हुए थे तब कोई सामने नहीं आया, लेकिन अब राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दा उठाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि बैठक कराने वाले कुछ लोग भाजपा से जुड़े हैं, जिनके सोशल मीडिया पर प्रमाण मौजूद हैं। इस दौरान सपा नेताओं ने पीड़ित चाय विक्रेता शेषमन यादव से मुलाकात कर उन्हें दुकान दोबारा खोलने और किसी भी तरह की समस्या आने पर पार्टी की ओर से सहयोग का भरोसा दिया।

Tag: #nextindiatimes #Tea #Fatehpur #SP

RELATED ARTICLE

close button