नई दिल्ली। भारत आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) बड़े ही धूमधाम और गर्व के साथ मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण करने के बाद राष्ट्र को संबोधित किया। देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने अगले पांच से सात साल का लक्ष्य बताया और बीते 12 साल के कामकाज का हिसाब दिया।
यह भी पढ़ें-लाल किले पर पहली बार गूंजा ‘वंदे मातरम’, बना नया इतिहास
PM Modi ने स्वतंत्रता दिवस के अपने भाषण में कहा, ” भारत का एक बड़ा सपना है- 2047 तक ‘विकसित भारत’ बनाना। इस सपने को पूरा करने की ताकत और संकल्प 140 करोड़ भारतीयों से मिल रहा है। जब दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश खुद को एक विकसित देश बनाने का लक्ष्य तय करता है, तो इससे पूरी दुनिया को एक मजबूत संदेश जाता है। भारत के इस लक्ष्य से दुनिया की नजर में भारत की छवि बदल रही है और दुनिया भारत को नए तरीके से देख रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में भारत के विकास और आत्मनिर्भरता को गति देने के लिए ‘शक्ति की सप्तधारा’ (ऊर्जा की सात धाराओं) का आह्वान किया। उन्होंने मैन्युफैक्चरिंग, कृषि और खाद्य प्रसंस्करण, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन, गति-शक्ति, रक्षा शक्ति, ग्रीन और ब्लू इकोनॉमी और भारत की सॉफ्ट पावर को इन सात शक्तियों के रूप में रेखांकित किया।

राष्ट्र को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी समाज में हिंसा और अराजकता को बढ़ावा देने वाली मानसिकता के खिलाफ सतर्क रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुछ लोग समाज को गलत दिशा में ले जाने के लिए तरह-तरह के दांव चल रहे हैं और ऐसे तत्वों को पहचानना जरूरी है।
पीएम मोदी ने कहा कि देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए युवा पीढ़ी को सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना होगा। उन्होंने युवाओं से हिंसा और अराजकता के रास्ते से दूर रहकर विकास, एकता और रचनात्मक कार्यों में योगदान देने की अपील की।
देशवासियों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ” किसी देश की तरक्की अक्सर संसाधनों की कमी से नहीं, बल्कि उसकी सोच की सीमाओं से रुकती है। जब सोच ठहर जाती है और दायरे में सिमट जाती है, तो हम अपनी असली क्षमता को नहीं पहचान पाते। आज भी देश कच्चे तेल के लिए दूसरों पर निर्भर है और यह स्थिति एक गलत सोच का नतीजा है। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि इसी सोच की वजह से हमारे समुद्र तट का 99% हिस्सा ‘नो-गो एरिया’ (जहाँ जाने की मनाही हो) घोषित कर दिया गया था।
Tag: #nextindiatimes #PMModi #IndependenceDay




