मुंबई। तपती धूप, उमस और भीषण गर्मी से बेहाल मुंबईकरों के लिए आखिरकार वह सुखद पल आ ही गया जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार था। दक्षिण-पश्चिम मानसून (Monsoon) ने 13 दिनों की देरी के बाद मंगलवार (23 जून) को मायानगरी मुंबई में अपनी आनंदपूर्ण उपस्थिति दर्ज करा दी। सुबह की शुरुआत गरज-चमक और झमाझम बौछारों के साथ हुई, जिसने शहर की आबोहवा में एक नई ताजगी और सुकून घोल दिया।
यह भी पढ़ें-यूपी का यह मंदिर करता है मॉनसून की भविष्यवाणी, टपकने लगती हैं पानी की बूंदें
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, मानसून (Monsoon) अब मुंबई सहित महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड और बिहार में आगे बढ़ चुका है। आज दिल्ली-यूपी में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। मंगलवार रात हुई भारी बारिश के कारण मुंबई के कई इलाकों में सड़कों पर तीन फीट तक पानी भर गया। अंधेरी क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित रहा, जहां अंधेरी सबवे पूरी तरह जलमग्न हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) ने अंडरपास को बंद कर दिया है।
भारी बारिश का असर मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों पर भी पड़ा है। पश्चिमी और सेंट्रल रेलवे की कई ट्रेनें 20 से 30 मिनट की देरी से चल रही हैं। वहीं हार्बर लाइन को तकनीकी कारणों से अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मुंबई में मानसून के पहुंचने की सामान्य तारीख 10 जून होती है। इतिहास पर नजर डालें तो मानसून का यह मिजाज हमेशा बदलता रहा है। जहां पिछले साल 2025 में मानसून 75 वर्षों में सबसे पहले यानी 26 मई को ही आ गया था, वहीं साल 2019 और 2023 में इसने 25 जून को सबसे देरी से दस्तक दी थी।
मौसम विभाग के अनुसार बीती रात 5 से 6 घंटों के दौरान मुंबई के विभिन्न इलाकों में 71 से 99 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई। 23 जून को सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे के बीच सबसे अधिक 78.96 मिलीमीटर बारिश नायर अस्पताल क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई।
Tag: #nextindiatimes #Monsoon #Mumbai




