सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा ब्लॉक में तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर संदीप गुप्ता की सड़क हादसे (accident) में मौत हो गई। यह घटना इटवा थाना क्षेत्र के रगड़गंज में शुक्रवार रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में प्रशासन की कार्रवाई पर खड़े हुए सवाल, नींव उखड़वाने का है मामला
मृतक संदीप गुप्ता खुनियांव विकास खंड के ग्राम अकोल्हिया के निवासी थे। वह इटवा ब्लॉक में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे और बताया जा रहा है कि ड्यूटी के बाद अपने घर लौटते समय यह हादसा हुआ। रोज की भांति शुक्रवार को अपनी ड्यूटी पर आए। कार्यालय का काम निपटाने के बाद वह ब्लॉक से बाहर निकले। कुछ और कार्य के चलते उन्हें लौटने में विलंब हुआ।

रात करीब 11 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहे थे। अभी रगड़गंज नहर पुलिया के पास पहुंचे थे कि किसी अज्ञात वाहन की चपेट में गए। गंभीर रूप से घायल अवस्था मे सड़क पर देख आसपास भीड़ लग गई। आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इटवा लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया।
अस्पताल ब्लॉक कर्मियों के अलावा स्वजन भी पहुंच गए। अचानक मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी होने पर इटवा पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पंचनामा की कार्रवाई पूर्ण करते हुए देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। प्रभारी निरीक्षक इटवा संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि मार्ग दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है। विधिक कार्यवाही की जा रही है।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #accident




