सिद्धार्थनगर में हाईटेंशन टॉवर से लटका मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के Siddharthnagar जिले से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। यहां के जोगिया उदयपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक 18 साल के युवक का शव गांव के पास लगे हाईटेंशन इलेक्ट्रिक टॉवर से लटकता हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में नकली ब्रांडेड पानी फैक्ट्री पर छापा, भारी मात्रा में सामान बरामद

सोमवार शाम को घर से निकला था युवक:

मृतक की पहचान 18 वर्षीय राजन के रूप में हुई है, जो छविलाल का बेटा था। परिजनों ने बताया कि सोमवार की शाम को राजन रोजाना की तरह भैंस चराकर घर वापस लौटा था। इसके बाद वह नहा-धोकर घर वालों से गांव में लगे दुर्गा पूजा पंडाल जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक जब वह वापस घर नहीं आया, तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिवार के लोगों ने दुर्गा पंडाल और पूरे गांव में उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं कोई सुराग नहीं मिला।

टॉवर से लटकता शव देखकर उड़े होश:

मंगलवार सुबह करीब 7:50 बजे जब गांव के लोग खेतों की तरफ गए, तो उन्होंने खेत में स्थित हाईटेंशन इलेक्ट्रिक टॉवर पर राजन का शव लटकते हुए देखा। यह खौफनाक मंजर देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी ग्राम प्रधान और पुलिस प्रशासन को दी। जैसे ही यह खबर राजन के घर पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

सात भाइयों में पांचवें नंबर पर था राजन:

राजन अपने पिता छविलाल और मां मालती की कुल आठ संतानों में पांचवें नंबर का बेटा था।

उसके परिवार में सात भाई और एक बहन हैं।

इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को टॉवर से नीचे उतरवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस हर पहलू से कर रही है जांच:

स्थानीय थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहनता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि यह आत्महत्या का मामला है या फिर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #news

RELATED ARTICLE