सुल्तानपुर। भारत सरकार की कथित कर्मचारी विरोधी नीतियों तथा वर्ष 2017 से लंबित वेतन संशोधन को लागू करने की मांग को लेकर बीएसएनएल (BSNL) एम्पलाइज यूनियन के बैनर तले 22 से 24 जुलाई तक तीन दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
यह भी पढ़ें-रिचार्ज महंगा होने के बाद BSNL के मानसून ऑफर ने निजी कंपनियों की उड़ाई नींद
धरना बीएसएनएल परिमंडल कार्यालय, हजरतगंज में हुआ, जहां कर्मचारियों ने सरकार की नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों को तत्काल पूरा किए जाने की मांग उठाई। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के प्रांतीय सचिव तिलक तिवारी, प्रांतीय कोषाध्यक्ष त्रिभुवन नारायण तिवारी तथा एआईबीडीपीटी के प्रांतीय सचिव के.आर. यादव ने कहा कि वर्ष 2017 से लंबित वेतन संशोधन को अब तक लागू नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों में व्यापक असंतोष है। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने और लंबित वेतन संशोधन तत्काल लागू करने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में लखनऊ के विभिन्न बीएसएनएल एक्सचेंजों से बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने भाग लिया और एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।




