स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा विश्व कप 2026 के राउंड ऑफ-16 में बेल्जियम (USA vs Belgium) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए सह-मेजबान अमेरिका को 4-1 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। सिएटल स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रेड डेविल्स ने शुरुआत से आखिर तक अपना दबदबा बनाए रखा और मेजबान टीम को वापसी का कोई मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ बेल्जियम अब क्वार्टर फाइनल में स्पेन से भिड़ेगा।
यह भी पढ़ें-FIFA वर्ल्ड कप 2026 में पहली बार 3 देश मेजबान, जानें 4 बड़ी बातें
बेल्जियम ने मैच की शुरुआत आक्रामक अंदाज में की और नौवें मिनट में चार्ल्स डी केटेलारे ने गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। अमेरिका ने 31वें मिनट में मलिक टिलमैन के डिफ्लेक्टेड गोल की बदौलत स्कोर 1-1 से बराबर किया, लेकिन यह खुशी ज्यादा देर नहीं टिक सकी। महज दो मिनट बाद डी केटेलारे ने अपना दूसरा गोल दागकर बेल्जियम को फिर बढ़त दिला दी।
दूसरे हाफ में भी बेल्जियम का दबदबा कायम रहा। 57वें मिनट में हांस वनाकेन ने तीसरा गोल कर अमेरिका की वापसी की उम्मीदों को लगभग खत्म कर दिया। इसके बाद इंजरी टाइम (90+3) में रोमेलु लुकाकू ने चौथा गोल दागकर बेल्जियम की 4-1 की शानदार जीत पर मुहर लगा दी।

बेल्जियम ने पूरे मैच में संगठित और आत्मविश्वास से भरा प्रदर्शन किया। दूसरी ओर, अमेरिका अपनी बराबरी के गोल के बाद भी मैच में लय नहीं पकड़ सका और लगातार दबाव में दिखाई दिया। क्वार्टर फाइनल में अब बेल्जियम की भिड़ंत स्पेन से होगी, जिसने अपने राउंड ऑफ-16 मुकाबले में पुर्तगाल को 1-0 से हराया था।
बेल्जियम ने सोशल मीडिया पर स्ट्राइकर रोमेलु लुकाकू की एक तस्वीर पोस्ट की जिसमें वह अपने गोल का जश्न मना रहे थे, जिसके साथ कैप्शन था,”इसे पलट कर दिखाओ।” बेल्जियम का यह पोस्ट सीधे तौर पर अमेरिकी टीम पर हमला था।
Tag: #nextindiatimes #USAvsBelgium #FIFAWORLDCUP2026




