36.9 C
Lucknow
सोमवार, जुलाई 6, 2026

अग्निवीरों के लिए गुड न्यूज जल्द, 25 नहीं इतने फीसदी को स्थाई करने की है तैयारी

नई दिल्ली। अग्निपथ योजना (Agnipath scheme) के तहत भर्ती हुए युवाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। चार साल की सेवा पूरी करने के बाद नियमित सैनिक बनने की संभावना अब पहले से ज्यादा मजबूत हो सकती है। तीनों सेनाओं ने अग्निवीरों को स्थायी सेवा में रखने की मौजूदा सीमा बढ़ाने का प्रस्ताव दिया है। अभी केवल 25 प्रतिशत अग्निवीरों को ही नियमित नियुक्ति मिल सकती है, लेकिन सेना, नौसेना और वायु सेना इस संख्या में बढ़ोतरी चाहती हैं।

यह भी पढ़ें-बदल गई अग्निवीर वायु भर्ती की एग्जाम डेट, अब इस तिथि से शुरू होगी परीक्षा

हालांकि इस प्रस्ताव पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है लेकिन अगर इसे मंजूरी मिलती है तो हजारों अग्निवीरों को इसका सीधा लाभ मिल सकता है। अग्निपथ योजना के तहत चार साल की सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से फिलहाल केवल 25 प्रतिशत को ही नियमित सैनिक के रूप में नियुक्त किया जाता है। अब तीनों सेनाओं ने इस व्यवस्था में बदलाव का सुझाव दिया है।

रिपोर्टों के अनुसार नौसेना ने 75 प्रतिशत तक अग्निवीरों को स्थायी सेवा में रखने का प्रस्ताव दिया है, जबकि सेना और वायु सेना इस सीमा को करीब 50 प्रतिशत तक बढ़ाने के पक्ष में हैं। हालांकि अभी सरकार की ओर से इस पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है और मौजूदा नियम पहले की तरह लागू हैं। अग्निपथ योजना के तहत भर्ती हुए पहले अग्निवीरों का चार साल का कार्यकाल इस वर्ष पूरा हो जाएगा। वर्तमान व्यवस्था के अनुसार सेवा समाप्त होने के बाद इच्छुक अग्निवीरों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा और तय संख्या में उन्हें नियमित सैनिक के रूप में दोबारा नियुक्त किया जाएगा।

तीनों सेनाओं का मानना है कि चार वर्षों के दौरान अग्निवीर आधुनिक हथियारों, नई तकनीक और विभिन्न सैन्य अभियानों का अच्छा अनुभव हासिल कर लेते हैं। ऐसे प्रशिक्षित जवानों को ज्यादा संख्या में सेना में बनाए रखने से सैन्य क्षमता मजबूत होगी और राष्ट्रीय सुरक्षा को भी फायदा मिलेगा। अगर रिटेंशन प्रतिशत नहीं बढ़ता है, तो भी विशेष सैन्य इकाइयों, जैसे नई बनाई जा रही भैरव बटालियन में नियमित किए गए अग्निवीरों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।

Tag: #nextindiatimes #Agnipathscheme #Agniveer

RELATED ARTICLE