स्पोर्ट्स डेस्क। किलियन एम्बापे के पेनल्टी पर किए गए गोल के दम पर फ्रांस ने रविवार को पैराग्वे (paraguay vs france) को मात देकर फीफा वर्ल्ड कप-2026 के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। एम्बापे और फ्रांस के लिए ये जीत आसान नहीं रही क्योंकि पैराग्वे की टीम ने हर वो दांव चला जिससे फ्रांस को रोका जा सकता था। हालांकि अंत में जीत फ्रांस को ही मिली और पैराग्वे को बदनामी के साथ इस वर्ल्ड कप का अंत करना पड़ा।
यह भी पढ़ें-इस देश ने जीता है सबसे ज्यादा बार FIFA World Cup, देखें कब कौन बना चैंपियन
अपने पिछले मैच में जर्मनी को पेनल्टी शूटआउट में हराने के बाद अंतिम-16 में आई पैराग्वे ने अपनी वो सूरत दिखाई जिसे खेल की दुनिया में अच्छा नहीं माना जाता है। खिलाड़ियों को गिराने, उन्हें पकड़ने, मारने तक की रणनीति पैराग्वे के खेल का हिस्सा रही। फ्रांस ने और खासकर एम्बापे ने सब कुछ झेला और अंत में मोरक्को के साथ अपना क्वार्टर फाइनल मैच तय किया।
पैराग्वे जिस तरह का खेल खेल रही थी उसका नुकसान उसे उठाना पड़ा। 70वें मिनट तक गोल नहीं हुआ था। फिर फ्रांस के डिजायर डाउ को पेनाल्टी एरिया में डिएगो गोमेज ने गिरा दिया। यहां फ्रांस को पेनल्टी मिली और एम्बापे ने बिना कोई गलती किए फ्रांस के लिए गोल कर दिया। ये इस मैच का एकमात्र गोल था जो विजयी साबित हुआ। ये एम्बापे का इस वर्ल्ड कप का सातवां गोल था और वह इस संस्करण में सबसे ज्यादा गोल करने के मामले में अर्जेंटीना के लियोनेल मेसी के बराबर आ गए हैं। दोनों गोल्डन बूट की रेस में एक-दूसरे को टक्कर दे रहे हैं।

देखा जाए तो स्कोरलाइन फ्रांस के उस संघर्ष को बयां नहीं करती जो उसने इस मैच के दौरान किया था। फ्रांस के पास एक शानदार अटैक है जिसमें एम्बापे के अलावा ओस्मान डेमबेले, मिचेल ओलिसे और ब्रैडली बार्सोला जैसे खिलाड़ी हैं। इस मजबूत अटैक के सामने पैराग्वे ने ऐसी डिफेंस लाइन तैयार की जिसे भेद पाना 2018 की विजेता के लिए किले को भेदने के समान साबित हुआ। एम्बापे को खाली नहीं छोड़ा गया। वहीं बाकी खिलाड़ियों को इस तरह से घेरा गया कि वह एम्बापे को आसानी से गेंद नहीं दे पाएं।
फ्रांस के हर अटैक को गलत तरीके से टैकल, फाउल और शरीर तोड़ने जैसी रणनीति से रोका गया। रणनीतिक तौर पर फ्रांस को रोका गया तो वहीं शरीरिक तौर पर डराना भी पैराग्वे के खेल का हिस्सा रहा। हालांकि, अंत में उसकी सारी रणनीति फेल हो गई और फ्रांस ने अपने एक और खिताब की तरफ कदम बढ़ा दिए।
Tag: #nextindiatimes #paraguayvsfrance #FifaWorldCup2026




