स्पोर्ट्स डेस्क। फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप सी के मुकाबले में ब्राजील ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए हैती (fifa world cup brazil vs haiti) को 3-0 से हराया। फिलाडेल्फिया स्टेडियम में ब्राजील की जीत के नायक मैथ्यूस कुन्हा रहे, जिन्होंने मैच में दो गोल दागे। इस जीत के साथ ही गोल अंतर के आधार पर ब्राजील ने ग्रुप सी में पहला स्थान हासिल कर लिया है। मोरक्को के खिलाफ 1-1 से ड्रॉ खेलने के बाद टीम के प्रदर्शन पर कई तरह के सवाल खड़े किए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें-इस देश ने जीता है सबसे ज्यादा बार FIFA World Cup, देखें कब कौन बना चैंपियन
हालांकि ब्राजील ने हैती के खिलाफ दमदार प्रदर्शन से आलोचकों को करारा जवाब भी दिया है। मैच की शुरुआत से ही ब्राजील ने खेल पर नियंत्रण बनाया। मैथ्यूस कुन्हा ने अपने पहले वर्ल्ड कप मैच की शुरुआत को बेहद खास बनाया। उन्होंने लगातार अच्छे मूव बनाए और टीम के आक्रमण को मजबूती दी। उनके साथ विनीसियस जूनियर और राफिन्हा का प्रदर्शन भी दमदार रहा।
ब्राजील के लिए मैच का पहला गोल 23वें मिनट में आया, जब हैती के गोलकीपर जॉनी प्लासाइड विनीसियस जूनियर का शॉट तो रोकने में सफल रहे, लेकिन उसके बाद हेंस डेलक्रोइक्स का क्लीयरेंस शॉट कुन्हा से लगकर गोल पोस्ट में चला गया। पहले हाफ के अंत से 9 मिनट पहले कुन्हा ने ब्राजील की बढ़त को जल्द ही दोगुना कर दिया। विनीसियस जूनियर से मिले अच्छे पास का फायदा उठाते हुए कुन्हा ने बॉक्स के किनारे से जोरदार शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट के टॉप कॉर्नर में पहुंचा दिया।

इसके बाद पहले हाफ के स्टॉपेज टाइम में विनीसियस जूनियर ने ब्राजील के लिए मैच का तीसरा गोल दागा। इस गोल के साथ ब्राजील ने पहले हाफ का अंत 3-0 के साथ किया। दूसरे हाफ में हैती ने वापसी करने का कई बार प्रयास किया, लेकिन ब्राजील के मजबूत डिफेंस ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया।
रिकार्डो एडे ने कॉर्नर पर ऊंची छलांग लगाकर हेडर लगाया, लेकिन ब्राजील के गोलकीपर एलिसन ने शानदार बचाव किया। मैच के अंतिम समय में ब्राजील के युवा खिलाड़ी एंड्रिक ने गोल किया, लेकिन वह ऑफसाइड करार दिया गया। लगातार दूसरी हार के साथ ही हैती फीफा वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई है।
Tag: #nextindiatimes #fifaworldcupbrazilvshaiti #FIFAWorldCup




