नई दिल्ली। भारत सरकार ने NEET की दोबारा परीक्षा को लेकर भारत में टेलीग्राम मैसेजिंग एप के इस्तेमाल पर अस्थायी रोक (telegram ban) लगाने का आदेश दिया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने मंगलवार को प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी। बता दें ये परीक्षा 21 जून को होनी है और सरकार ने 22 जून तक टेलीग्राम पर रोक लगाई है।
NTA ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (MeitY) ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून, 2000 की धारा 69A के तहत टेलीग्राम पर रोक लगाई है। यह रोक 22 जून 2026 तक रहेगी। हालांकि आदेश कब से लागू होगा, इसकी तारीख नहीं दी गई है।NEET री-एग्जाम 21 जून को होगा। सरकार ने एग्जाम के बाद भी टेलीग्राम को अपना मैसेज एडिट फीचर 30 जून तक बंद रखने का निर्देश दिया है। यानी भारत में टेलीग्राम पर पहले से भेजे गए मैसेज 30 जून तक एडिट नहीं हो पाएंगे।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम:
परीक्षा को लेकर केंद्र ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं, जिसमें इंडियन एयर फोर्स के जरिए प्रश्न पत्रों को ले जाना और दोबारा परीक्षा सुरक्षित रूप से आयोजित करने में स्थानीय अधिकारियों की मदद के लिए सीआरपीएफ और सीआईएसएफ के जवानों की तैनाती शामिल है। एनटीए ने उम्मीदवारों के लिए 15 मिनट का अतिरिक्त समय देने और उत्तर पुस्तिकाओं में रफ काम के लिए ज्यादा जगह देने की भी घोषणा की है।

केंद्र सरकार का कहना है कि राज्य सरकारों और जिला प्रशासनों के आपसी सहयोग का मकसद दोबारा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता को बनाए रखना है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने छात्रों को राहत देते हुए कई बदलावों की ऐलान किया है। सबसे अहम बदलाव परीक्षा अवधि को लेकर किया गया है। इस बार परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजकर 15 मिनट तक आयोजित होगी। कुल 195 मिनट की इस अवधि में परीक्षा शुरू होने और खत्म होने से जुड़ी औपचारिकताएं भी शामिल हैं।
नई व्यवस्था के तहत एनटीए ने यह कोशिश की है कि छात्रों को एग्जाम में पर्याप्त समय मिल सके। वहीं रफ वर्क के लिए भी इस बार नई सुविधा दी गई है प्रश्न पुस्तिका में रफ कार्य के लिए पेज की संख्या दोगुनी कर दी गई है। पहले छात्रों को केवल 2 पेज मिलते थे, जबकि अब 4 पृष्ठ उपलब्ध होंगे। इससे छात्रों को अधिक सुविधा मिलेगी।
Tag: #nextindiatimes #telegramban #NEETreexam




