डेस्क। आज का दौर स्टार्टअप और नए बिजनेस का दौर है। हम अक्सर प्राइवेट लिमिटेड (Private Limited) और पब्लिक लिमिटेड कंपनी जैसे शब्द सुनने को मिलते हैं। हालांकि, बहुत से लोग इन दोनों के बीच का अंतर नहीं जानते और कंफ्यूज हो जाते हैं। ऐसे में आपको बता दें कि इनके नियम, शेयर व्यवस्था और काम करने के तरीके में बड़ा फर्क होता है।
यह भी पढ़ें –लगातार दूसरे दिन भी Paytm के शेयरों में 20 फीसदी की गिरावट
प्राइवेट लिमिटेड कंपनी आमतौर पर छोटे और मध्यम स्तर के कारोबार के लिए बनाई जाती है। इस तरह की कंपनी शुरू करने के लिए कम से कम दो सदस्यों की जरूरत होती है। इसमें कंपनी के शेयर आम जनता को नहीं बेचे जा सकते और न ही ये शेयर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होते हैं। साथ ही कंपनी का मालिकाना हक सीमित लोगों के पास रहता है, जिससे उसके फैसले भी अपेक्षाकृत जल्दी लिए जा सकते हैं। प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में अधिकतम 200 सदस्य हो सकते हैं।
यही वजह है कि कई स्टार्टअप और पारिवारिक कारोबार इस मॉडल को पसंद करते हैं। कंपनी के नाम के अंत में “Private Limited” लिखा जाता है, जिससे इसकी पहचान होती है। पब्लिक लिमिटेड कंपनी का दायरा काफी बड़ा होता है। ऐसी कंपनी बनाने के लिए कम से कम सात सदस्यों की जरूरत होती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह अपने शेयर आम लोगों को बेच सकती है।

यदि कंपनी शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो जाए, तो कोई भी व्यक्ति उसके शेयर खरीदकर निवेशक बन सकता है। बड़ी कंपनियां अक्सर विस्तार और पूंजी जुटाने के लिए इस मॉडल को अपनाती हैं। चूंकि इसमें आम जनता का पैसा लगा होता है, इसलिए इन कंपनियों को सरकार और नियामक संस्थाओं के कई नियमों का पालन करना पड़ता है। साथ ही उन्हें समय-समय पर अपनी वित्तीय जानकारी और कारोबार से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज सार्वजनिक करने होते हैं ताकि निवेशकों को सही जानकारी मिल सके।
इसके अलावा पब्लिक लिमिटेड कंपनी को अधिक कानूनी नियमों और पारदर्शिता का पालन करना पड़ता है। वहीं प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में नियम अपेक्षाकृत सरल होते हैं। यही कारण है कि छोटे व्यवसाय अक्सर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के रूप में शुरुआत करते हैं, जबकि बड़े स्तर पर विस्तार करने वाली कंपनियां आगे चलकर पब्लिक लिमिटेड कंपनी का रूप ले सकती हैं। इसलिए किसी भी कंपनी के प्रकार को समझना निवेश और बिजनेस से जुड़े फैसले लेने में मददगार साबित हो सकता है।
Tag: #nextindiatimes #pvtltd #Business




