सिद्धार्थनगर। जिले के इटवा-बढ़नी मार्ग पर कल शाम करीब छह बजे संग्रामपुर चौराहे के पास भूसे से लदी एक चलती ट्रक (Truck) में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में लपटें आसमान छूने लगीं। इस घटना से चौराहे पर करीब एक घंटे तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें-सिद्धार्थनगर में पेट्रोल डीजल की किल्लत से हाहाकार, पेट्रोल पंपों पर उमड़ी भीड़
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि ट्रक बढ़नी से इटवा की दिशा में जा रही थी। संग्रामपुर चौराहे के निकट पहुंचते ही ट्रक से धुआं उठना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग भड़क उठी। ट्रक में लदा सूखा भूसा आग के लिए ईंधन का काम किया, जिससे आग ने जल्द ही पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक में चालक समेत चार लोग सवार थे, जिन्होंने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली।

आग लगने के बाद चौराहे पर भगदड़ मच गई। स्थानीय दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं और राहगीर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे। मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोटर और बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभालने में जुट गई।
स्थानीय लोगों की सूचना के लगभग 20 मिनट बाद फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान डायल 112 पुलिस भी मौके पर मौजूद रहकर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करती रही। आग लगने के कारण लगभग एक घंटे तक चौराहे पर अफरा-तफरी और जाम की स्थिति बनी रही।
(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #Truck




