36 C
Lucknow
Thursday, May 14, 2026

सिद्धार्थनगर में सपा के प्रदेश सचिव के खिलाफ मुकदमा दर्ज, ये था मामला

सिद्धार्थनगर। जिले में सपा के प्रदेश सचिव रामफेर यादव उर्फ अंशु यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। समाजवादी पार्टी (SP) के प्रदेश सचिव रामफेर यादव के खिलाफ फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र के आधार पर सरकारी नौकरी हासिल करने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला डुमरियागंज थाना क्षेत्र के सेखुई गोवर्धन गांव से जुड़ा है।

यह भी पढ़ें-“सरकार ने जनता को हर चीज के लिए लाइन में खड़ा कर दिया”, सिद्धार्थनगर में बोले संजय सिंह

आरोप है कि रामफेर यादव ने वर्ष 2011 में कथित रूप से फर्जी दिव्यांग प्रमाण पत्र का उपयोग कर ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के पद पर नौकरी प्राप्त की थी। इस प्रकरण की जांच के बाद उन्हें वर्ष 2017 में सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। हालांकि, उस समय कोई आपराधिक कार्रवाई नहीं हुई थी।

अब मन्नीजोत गांव निवासी भाजपा नेता और ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा की शिकायत के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है। ओझा ने 19 फरवरी को पुलिस उप महानिरीक्षक, बस्ती मंडल को शिकायती पत्र देकर मामले को फिर से उठाया था।

शिकायत में बताया गया है कि आरोपी का दिव्यांग प्रमाण पत्र वर्ष 2011 में प्रतापगढ़ जनपद से जारी हुआ था, जिसमें उनका पता सरियापुर, पोस्ट नौवस्ता, थाना जेठवारा अंकित था। वहीं, नौकरी मिलने के बाद उनकी सेवा पुस्तिका और अन्य अभिलेखों में उनका पता सेखुई गोवर्धन, जनपद सिद्धार्थनगर दर्ज पाया गया। इस पते के अंतर ने पूरे मामले को संदिग्ध बना दिया। हालांकि सपा के प्रदेश सचिव रामफेर यादव उर्फ अंशु यादव इस मामले को राजनीतिक साजिश बताया है ।

(रिपोर्ट- दीप यादव, सिद्धार्थनगर)

Tag: #nextindiatimes #Siddharthnagar #SamajwadiParty

RELATED ARTICLE