सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थनगर में घरेलू Gas cylinder को लेकर उपभोक्ताओं में हाहाकार मचा हुआ है। गैस एजेंसियों पर सुबह तीन बजे से ही लोगों की लंबी-लंबी कतारें लग रही हैं। गैस की कम आपूर्ति और अचानक बढ़ी भीड़ के कारण उपभोक्ताओं को घंटों लाइन में खड़े रहने को मजबूर होना पड़ रहा है। खासकर महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें-20 दिन ज्यादा चलेगा गैस सिलेंडर! बस अपनाएं ये 5 आसान ट्रिक्स
दरअसल सिद्धार्थनगर जिले में पिछले कुछ दिनों से घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति प्रभावित बताई जा रही है। इसी वजह से गैस एजेंसियों पर उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कई लोग सुबह तीन से चार बजे से ही लाइन में लग जाते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद ही उन्हें सिलेंडर मिल पा रहा है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि जहां आम लोग 6 से 7 घंटे लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं, वहीं कुछ लोग खुद को नेता, विधायक या प्रभावशाली व्यक्ति का आदमी बताकर सीधे सिलेंडर ले जाते हैं। इससे लाइन में लगे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।वहीं घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में करीब 60 रुपये की बढ़ोतरी को लेकर भी उपभोक्ताओं में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि एक तरफ महंगाई की मार और दूसरी तरफ गैस की किल्लत, यह आम लोगों पर दोहरी मार साबित हो रही है।

इस मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष और इटवा विधायक माता प्रसाद पांडे ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार दावा कर रही थी कि देश में पर्याप्त गैस और तेल का भंडार है, लेकिन हकीकत इसके उलट दिखाई दे रही है। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने गैस की किल्लत की खबरों को अफवाह बताया है।
(रिपोर्ट-दीप यादव, सिद्धार्थनगर)
Tag: #nextindiatimes #Gascylinder #Siddharthnagar




